निकाय चुनाव में प्रचार करेंगी ममता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 10 अप्रैल से नपा चुनाव प्रचार शुरू करेंगी। महानगर में वह उत्तर कोलकाता से चुनाव प्रचार की शुरूआत करेंगी और प्रतिदिन 2-3 सभाओं को संबोधित करेंगी। तृणमूल कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक 10 अप्रैल से मुख्यमंत्री का जो चुनाव प्रचार शुरू होगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 10 अप्रैल से नपा चुनाव प्रचार शुरू करेंगी। महानगर में वह उत्तर कोलकाता से चुनाव प्रचार की शुरूआत करेंगी और प्रतिदिन 2-3 सभाओं को संबोधित करेंगी।
तृणमूल कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक 10 अप्रैल से मुख्यमंत्री का जो चुनाव प्रचार शुरू होगा, वह 16 अप्रैल को कोलकाता नगर निगम के लिए चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तक चलेगा, यानी छह दिन वह प्रचार करेंगी। इसके बाद वह जिलों में भी चुनाव प्रचार के लिए जाएंगी। उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा व हुगली जिले में मुख्यमंत्री के चुनाव प्रचार का कार्यक्रम तय किया जा रहा है।
इससे पहले ममता 8 अप्रैल को भूमि अधिग्रहण विधेयक के खिलाफ सड़क पर उतरेंगी। ममता ने सड़क पर उतर कर भूमि अधिग्रहण विधेयक का विरोध करने की घोषणा की है। 8 अप्रैल को मौलाली से ममता का जुलूस निकलेगा जो एजेसी बोस रोड और एसएन बनर्जी रोड से होकर धर्मतल्ला के रानी रासमणि रोड में संपन्न होगा। उनके केंद्र विरोधी जुलूस को भी चुनाव प्रचार का ही हिस्सा माना जा रहा है। जुलूस के दौरान वह महानगर के कई वार्डों से होकर गुजरेंगी। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, मंत्री व आम कार्यकर्ता तथा नगर निगम चुनाव में पार्टी के अधिकांश उम्मीदवार भी जुलूस में शामिल होंगे। भूमि अधिग्रहण विधेयक के खिलाफ जुलूस निकालकर ममता एक तरह से निकाय चुनाव से पहले अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेंगी।
उल्लेखनीय है कि मुकुल राय को तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव के पद से हटाए जाने के बाद यह पहला मौका है जब ममता प्रत्यक्ष रूप से चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतर रही हैं। इससे पहले बनगांव लोकसभा और कृष्णगंज विधानसभा उपचुनाव में उन्होंने चुनाव प्रचार नहीं किया था। उस समय चुनाव प्रचार की कमान मुकुल के हाथों में थी। इस बार निकाय चुनाव में तृणमूल नेतृत्व ने मुकुल को प्रचार से दूर रखा है। ममता ने खुद चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी है।