बंगाल में ममता का जादू बरकरार
जागरण न्यूज नेटवर्क, कोलकाता। राजनीतिक विवादों और सारधा चिटफंड घोटाले में अपने नेताओं का नाम आने के
जागरण न्यूज नेटवर्क, कोलकाता। राजनीतिक विवादों और सारधा चिटफंड घोटाले में अपने नेताओं का नाम आने के बावजूद पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का जादू बरकरार रहा। प्रदेश की लोकसभा व विधानसभा की एक-एक सीट पर हुए उप चुनाव में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की। हालांकि भाजपा ने दोनों ही सीटों पर अपनी जबर्दस्त उपस्थिति दर्ज कराई और वोट प्रतिशत में भारी इजाफा किया। बंगाल के अलावा तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, गोवा व अरुणाचल प्रदेश में हुए उप चुनाव में भी सत्ताधारी दलों ने बाजी मारी।
पश्चिम बंगाल की बनगांव लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार ममताबाला ठाकुर व कृष्णगंज विधानसभा सीट से तृणमूल के ही सत्यजीत विश्वास ने विजय हासिल की। ममताबाला ठाकुर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी माकपा के देवेश दास को दो लाख 11 हजार 794 वोटों से हराया। यहां तीसरे नंबर पर रहे भाजपा उम्मीदवार सुब्रत ठाकुर को तीन लाख 14 हजार 119 वोट मिले, जो माकपा प्रत्याशी से महज 14 हजार वोट कम थे। कृष्णगंज विधानसभा सीट पर तृणमूल के सत्यजीत ने भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र राय को 37 हजार 33 वोटों से हराया। बनगांव सीट पर 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा को 19.21 फीसद वोट मिले थे, जो उप चुनाव में बढ़कर 25.17 प्रतिशत हो गई। जबकि कृष्णगंज विधानसभा सीट पर पिछले चुनाव में 14 फीसद वोट पाने वाली भाजपा ने इस बार 29.27 फीसद मत हासिल किए।