बाबुल सुप्रियो को मिल सकता है मंत्रिपद
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो को केंद्र में बड़ी जि
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं बाबुल सुप्रियो को फोन कर दिल्ली में उपस्थित रहने को कहा है। बाबुल सुप्रियो को जब प्रधानमंत्री ने फोन किया, उस दौरान वे मुंबई में थे। इससे पहले वह कई दिनों से दुबई में थे।
मोदी का फोन आने के बाद वे दिल्ली चले गए। रविवार को मोदी कैबिनेट का पहला विस्तार होगा। राजनीति में वैसे भी अंतिम समय तक कुछ भी संभव हो सकता है। ऐसे में केंद्रीय मंत्रिमंडल में बंगाल से प्रतिनिधित्व होने की संभावना जताई जा रही है। बाबुल सुप्रियो मोदी मंत्रिमंडल में जगह बना सकते हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में बाबुल को उपस्थित रहने को कहा गया है। रविवार दोपहर एक बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा जबकि इससे पहले प्रधानमंत्री ने चाय का निमंत्रण दिया है। उसमें बाबुल को उपस्थित रहने को कहा गया है। इससे पहले बंगाल से दो भाजपा नेता केंद्र में मंत्री रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार में तपन सिकदर व सत्यव्रत मुखोपाध्याय केंद्रीय मंत्री बनाए गए थे। उस दौरान तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी भी भाजपा सरकार का हिस्सा थीं। हालांकि वर्तमान समय में राज्य में भाजपा ने विभिन्न मुद्दों पर तृणमूल के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आगामी कोलकाता नगर निगम चुनाव को देखते हुए केंद्र सरकार के कैबिनेट में बाबुल सुप्रियो को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
माना जा रहा है कि अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा व तृणमूल के बीच कड़ा मुकाबला हो सकता है। सारधा चिटफंड कांड , पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशियों की घुसपैठ, राज्य में आतंकी गतिविधियों में बढोतरी समेत विभिन्न मुद्दों पर भाजपा ने तृणमूल का विरोध जताया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली बंगाल सरकार को भाजपा के कड़े विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
हाल के दिनों में भाजपा ने कई मुद्दों पर तृणमूल की जमकर आलोचना की है। कोलकाता नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा विभिन्न मुद्दों पर मोर्चा खोल रही है। ऐसे में बाबुल को केंद्र में जगह मिलने पर बंगाल में भाजपा को और बल मिलेगा।
वहीं बाबुल सुप्रियो का कहना है कि कैबिनेट में जगह मिलेगी या नहीं, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। वे पार्टी में एक सैनिक के रूप में हैं। पार्टी व प्रधानमंत्री जो भी निर्णय लेंगे, उसे मानने को प्रस्तुत हैं।