ममता के गढ़ में भाजपा का खुला खाता
जागरण संवाददाता, कोलकाता। पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस, मुख्य विपक्षी सीपीएम व कांग्रेस को करारा झटका देते हुए बसीरहाट दक्षिण सीट पर कब्जा कर लिया, जबकि चौरंगी सीट पर भाजपा उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे। पश्चिम बंगाल में भाजपा 15 साल बाद कोई विधानसभा सीट जीतने में कामयाब रही। दूसरी ओर चौरंगी सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की।
बसीरहाट दक्षिण सीट पर कांटे की टक्कर में भाजपा प्रत्याशी शमिक भट्टाचार्य 1586 वोटों से जीते, जबकि चौरंगी सीट पर तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी नयना बंद्योपाध्याय ने 14344 वोटों से जीत हासिल की। हालांकि चौरंगी सीट पर मतगणना के शुरुआती चरण में तृणमूल की नयना बंद्योपाध्याय, कांग्रेस प्रत्याशी संतोष पाठक से पीछे चल रही थी, लेकिन अंतत: वे जीत गई। वहीं, भाजपा प्रत्याशी रितेश तिवारी दूसरे स्थान पर रहे जबकि कांग्रेस प्रत्याशी तीसरे व माकपा प्रत्याशी फैयाज अहमद खान चौथे स्थान पर रहे। वहीं, बसीरहाट सीट पर शुरुआती रुझानों में तृणमूल प्रत्याशी द्विपेंदु विश्वास, भाजपा प्रत्याशी से करीब सात हजार वोटों से आगे चल रहे थे, लेकिन अंत में भाजपा प्रत्याशी ने मामूली अंतर 1586 वोटों से जीत दर्ज की।
गौरतलब है कि बसीरहाट दक्षिण विधानसभा सीट जहां माकपा के विधायक नारायण मुखर्जी के निधन के बाद रिक्त हुई थी, वहीं चौरंगी सीट तृणमूल कांग्रेस की विधायक शिखा मित्रा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
चौरंगी और बसीरहाट दक्षिण विधानसभा सीटों के लिए 13 सितंबर को हुए उपचुनाव में डाले गए मतों की गणना मंगलवार सुबह शुरू हुई। उपचुनाव में कुल 14 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे थे, जिसमें प्रतिष्ठित चौरंगी विधानसभा सीट से 9 उम्मीदवार और बांग्लादेश की सीमा से सटे उत्तार 24 परगना जिले की बसीरहाट दक्षिण सीट से 5 उम्मीदवार मैदान में थे।
इस बार तृणमूल कांग्रेस ने चौरंगी से नयना बंद्योपाध्याय को प्रत्याशी बनाया। नयना तृणमूल सांसद व पार्टी संसदीय दल के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय की पत्नी हैं।
बसीरहाट सीट से तृणमूल ने भारतीय फुटबाल टीम के पूर्व कप्तान द्विपेंदु विश्वास को मैदान में उतारा था लेकिन भाजपा के शमिक भट्टाचार्य से उन्हें शिकस्त खानी पड़ी। भाजपा ने पिछले लोकसभा चुनाव में भी बसीरहाट लोकसभा सीट से शमिक भट्टाचार्य को उतारा था। हालांकि वे चुनाव हार गए थे लेकिन उन्होंने कड़ी टक्कर दी थी।
एक नजर वोटों पर
चौरंगी विधानसभा सीट
पार्टी - उम्मीदवार नाम - कुल वोट
1. तृणमूल कांग्रेस -नयना बंद्योपाध्याय - 38328
2. भाजपा- रितेश तिवारी-23984
3. कांग्रेस- संतोष पाठक-23317
4. सीपीआइएम- फैयाज अहमद खान- 8890
बसीरहाट दक्षिण विधानसभा सीट
पाटी - उम्मीदवार नाम - कुल वोट
1. भाजपा -शमिक भट्टाचार्य - 71020
2. तृणमूल कांग्रेस- द्विपेंदु विश्वास-69434
3. सीपीएम -मृणाल चक्रवर्ती- 36882
4. कांग्रेस- असित मजूमदार-
5. नोटा - 1254।