विस उपचुनाव का नतीजा आज
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बसीरहाट दक्षिण और महानगर की चौरंगी दो विधानसभा सीटों के उप चुनाव का नतीजा मंगलवार को घोषित होगा। 13 सितंबर को दोनों सीटों पर मतदान हुआ था। मुख्य चुनाव अधिकारी के मुताबिक कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार की सुबह मतगणना शुरू होगी और उसी दिन चुनाव नतीजा घोषित कर दिया जाएगा। मतगणना के लिए भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है।
महानगर की चौरंगी से भाजपा के रितेश तिवारी व बसीरहाट दक्षिण विधानसभा सीट के लिए शमिक भंट्टाचार्य ने चुनाव लड़ा है।
तृणमूल कांग्रेस ने चौरंगी से सुदीप बंद्योपाध्याय की पत्नी नयना बंद्योपाध्याय और बसीरहाट दक्षिण से फुटबालर दिपेंदू विश्वास को उम्मीदवार बनाया था। कोलकाता नगरनिगम के पार्षद संतोष पाठक कांग्रेस के चौरंगी से व असित मजूमदार बसीरहाट दक्षिण से उम्मीदवार थे।
माकपा ने चौरंगी से फैयाज अहमद खान और बसीरहाट दक्षिण से मृणाल चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया था। चारों प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कल होगा।
उल्लेखनीय है कि माकपा विधायक नारायण मुखोपाध्याय के निधन से बसीरहाट दक्षिण विधानसभा सीट रिक्त हुई थी। तृणमूल कांग्रेस की निलंबित विधायक शिखा मित्रा के इस्तीफा देने से चौरंगी विधानसभा सीट रिक्त हुई थी।
लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार हुए दो विधानसभा क्षेत्रों का उप चुनाव राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है। हर चुनाव में जीत दर्ज करने वाली सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए यह उप चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल है। लोकसभा चुनाव में दो सीटों पर जीतने के साथ भाजपा का मत बढ़ कर 17 प्रतिशत तक पहुंच गया है। दक्षिण बसीरहाट सीट पर भाजपा को बढ़त मिली थी जिसे लेकर वह उत्साहित है और 2016 के विधानसभा चुनाव के पहले उप चुनाव में ही खाता खोलने की उम्मीद देख रही है।