10 आइपीएस व आइएएस को आज मिलेगा मुख्यमंत्री पदक
कोलकाता। राज्य सरकार स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री पदक देने की प्रथा शुरू करने जा रही है। 10 आइएएस व आइपीएस अधिकारियों को इस पदक से नवाजा जाएगा। इसी तरह बंगाल मेडल सर्विस प्रथा भी चालू हो रही है। स्वास्थ्य सचिव मलय दे, पंचायत सचिव सौरव दास, लघु व सूक्ष्म लघु उद्योग सचिव राजीव सिन्हा, महिला व शिशु कल्याण सचिव रोशनी सेन को सर्वोच्च जन सेवा के लिए पदक प्रदान किया जाएगा। दिया जायेगा।
अति उत्ताम सेवा के लिए मुख्यमंत्री पदक कोलकाता के पुलिस आयुक्त सुरजीत कर पुरकायस्थ, विधाननगर कमीश्नरेट के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार और पश्चिम रेंज के पुलिस महानिदेशक एसएन गुप्ता को दिया जायेगा। कमेंडेबल सर्विस के लिए मुख्यमंत्री पदक पश्चिम मेदिनीपुर के पुलिस अधीक्षक भारती घोष, बर्द्धमान के पुलिस अधीक्षक एसएमएच मिर्जा और सेंट्रल कोलकाता के पुलिस उपायुक्त डीपी सिंह को दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री का मानना है कि आइपीएस व आइएएस अधिकारियों को सम्मानित करने की जरूरत है, क्योंकि राज्य में आइपीएस अधिकारियों की कमी है। इस वजह से उन्हें अधिक काम करना पड़ता है। विषम परिस्थिति में भी वे काम में लगे रहते हैं। उन्हें उनके कार्यो के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है। अब तक राष्ट्रपति ही देशभर से चुने हुए आइएएस या आइपीएस अधिकारियों को इस तरह के सम्मान से नवाजते थे लेकिन अब राष्ट्रपति पदक की तर्ज पर मुख्यमंत्री पदक भी शुरू किया जा रहा है।