मुख्यमंत्री से मिलीं अमेरिकी राजदूत
कोलकाता। अमेरिकी राजदूत कैथलीन स्टीफेंस ने बृहस्पतिवार को राज्य सचिवालय नवान्न जाकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। उनकी ये मुलाकात शिष्टाचारमूलक बताए जाने पर भी समझा जा रहा है कि दोनों के बीच अमेरिका-बंगाल के व्यावसायिक संबंधों को लेकर काफी बातचीत हुई है। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में अमेरिकी राजदूत ने भारत के साथ परस्पर संबंध को मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि हमें आर्थिक वृद्धि बरकरार रखने की दिशा में साथ मिलकर काम करना होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि भारत के साथ अच्छे संबंध की जरुरत है। भारत के साथ हमारा सदियों का रिश्ता है। इसे और मजबूत करना होगा। मेरा मानना है कि सर्वोत्ताम स्थिति आनी अभी बाकी है। हम दोनों देशों का एक ही लक्ष्य है।
कोलकाता के बारे में अमेरिकी राजदूत ने कहा-इस शहर का ये मेरा पहला दौरा है। मैंने यहां ढाई दिन बिताए हैं। मैं इस शहर की खूबसूरती और बंगाल के लोगों की दीर्घकालीन इतिहास से काफी प्रभावित हुई हूं।