उप सचिव के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई : सुबिरेश
जागरण संवाददाता, कोलकाता : स्कूल सर्विस कमीशन (एसएससी) के चेयरमैन सुबिरेश भंट्टाचार्य ने कहा कि अमितेश विश्वास कमीशन के खिलाफ मनगढ़ंत कहानियां रच रहे हैं। उन्होंने चेयरमैन पर जो भी आरोप लगाया है वो सारे गलत हैं। उनका आरोप अगर सही है तो उन्हें लिखित रुप से कमीशन के समक्ष शिकायत दर्ज करनी होगी। नहीं तो अमितेश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वैसे भी वे कमीशन के कर्मचारी नहीं हैं और वे जहां से आए थे उन्हें फिर से वहीं भेज दिया गया है। यह बातें उन्होंने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने कहा कि वे कमीशन के रिलीज आर्डर को रिफ्यूज कर रहे हैं। इसके लिए पहले उन्हें समझाया जाएगा और जब वे नहीं मानेंगे तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अमितेश विश्वास ने डेढ़ वर्ष पहले कमीशन से 10 हजार रुपए लेकर किताबें खरीदी थी। उस किताब से वे टेट का प्रश्न तैयार कर रहे थे। नियम के अनुसार प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया गुप्त रूप से होती है और प्रश्न बनाने से मना करने के बाद से ही उनका विरोध शुरू हो गया था। उन्होंने आफिस के कर्मचारियों को रात्रि के वक्त फोन कर धमकी भी दी थी और उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने की भी बात कही थी। खासकर महिला कर्मचारियों को वे परेशान कर रहे थे। उनकी हरकत से परेशान कर्मचारियों ने 12 मार्च को कमीशन के समक्ष लिखित रूप से शिकायत दर्ज की थी। अमितेश के खिलाफ एक दो आरोप नहीं बल्कि कई आरोप हैं। कमीशन के सर्वर का पासवर्ड सिर्फ उनके पास है और वे इसे बताने से मना कर रहे हैं। उनकी इस हरकत से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनके रिलीज आर्डर के बारे में चेयरमैन ने कहा कि उन्हें कमीशन के खिलाफ मुंह खोलने के कारण नहीं बल्कि उनके उपर लगे कई आरोपों को ध्यान में रखते हुए उन्हें फिर से पुरानी जगह भेज दिया गया है। जो व्यक्ति कुछ दिनों पहले अनशन पर बैठे परीक्षार्थियों को माओवादी करार दे रहा था। आज वह इस तरह की बातें कैसे कर रहा है।