कांथी में आम बगीचा तैयार करेंगे भूमिहीन किसान
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : मनरेगा योजना के तहत पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत कांथी-3 प्रखंड में हिमसाग
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : मनरेगा योजना के तहत पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत कांथी-3 प्रखंड में हिमसागर आम का बगीचा लगाया जा रहा है। कांथी-3 प्रखंड प्रशासन द्वारा शुरू किए गए 100 दिन कार्य प्रकल्प के तहत इस योजना का उद्घाटन बुधवार को किया गया। इस मौके पर उत्तर कांथी के विधायक वनश्री माईती, योजना अधिकारी दीन नारायण घोष, प्रखंड विकास अधिकारी मोहम्मद नूर आलम, पचांयत समिति के अध्यक्ष विकास बेज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रखंड अंतर्गत भाजाचाउली ग्राम पंचायत के शिखरपात्रबाड़ अंतर्गत कछारीबगान स्थित सरकारी अढ़ाई बीघा जमीन में हिमसागर आम का बगीचा तैयार किया जाएगा। बताया गया कि प्रदेश के अन्य जिलों में इस तरह की योजना पहले से जारी है, लेकिन पूर्व मेदिनीपुर जिले में यह अपनी तरह का पहला प्रयास है। कार्यक्रम के दौरान इलाके के दो भूमिहीन किसानों को योजना से संबंधित कागजातों को सौंपा गया। दोनों किसानों की देखरेख में बगीचे को संवारा जाएगा। आगामी पांच वर्षों तक इस काम के लिए दोनों को प्रति माह 1000-1000 रुपये मेहनताने के तौर पर दिया जाएगा। बगीचे में हिमसागर आम के पैदावर के लिए किसानों को 200 पौधे भी दिए जाएंगे। उत्पादित आम की बिक्री से प्राप्त 75 फीसद रकम की राशि देखरेख करने वाले किसानों को दिया जाएगा। शेष 25 फीसद प्रशासन अपने पास रखेगा। इस प्रकल्प में लगभग 5 लाख 30 हजार रुपये खर्च होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
============
प्रशासन इस योजना को शुरू करने के लिए काफी समय से विचार कर रहा था। इस योजना के सफल होने पर क्षेत्र आर्थिक तौर पर भी मजबूत होगा। किसानों को रोजगार का साधन मुहैया होगा।
-मोहम्मद नूर आलम, कांथी-3 प्रखंड।
=============
भाजाचाउली ग्राम पंचायत इलाके में इस योजना का क्रियान्वयन हो रहा है। अगर यहां यह योजना सफल रहा तो आने वाले में समय में प्रखंड के अन्य पंचायत क्षेत्रों में भी इसे लागू किया जाएगा।
विकास बेज, अध्यक्ष, कांथी-3 पंचायत समिति।