बदहाली का शिकार सूताहाटा प्रखंड अस्पताल
संवाद सूत्र, हल्दिया : पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत सूताहाटा स्थित प्रखंड अस्पताल की हालत इन दिनों
संवाद सूत्र, हल्दिया : पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत सूताहाटा स्थित प्रखंड अस्पताल की हालत इन दिनों बेहद सोचनीय बनी हुई है। डॉक्टर व अन्य स्टाफ की कमी से मरीजों को स्वास्थ्य व चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है। वहीं परिसर में न्यूनतम सुविधाओं का भी घोर अभाव है।
प्रखंड अस्पताल में दस शय्या हैं। नर्सिंग स्टाफ की संख्या तो पर्याप्त है, लेकिन चिकित्सक केवल एक है। यही नहीं लिपिकीय व अन्य कर्मचारियों की कमी से भी मरीजों को बेहद परेशानी झेलनी पड़ रही है। इससे लोगों में रोष बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में चिकित्सक नहीं होने से लोग चाह कर भी मरीजों को यहां भर्ती नहीं करते। इसके चलते अस्पताल के बेड अक्सर खाली पड़े रहते हैं। लोग मजबूर होकर पांच किलोमीटर दूर स्थित हल्दिया महकमा अस्पताल जाते हैं। यही नहीं अस्पताल परिसर में जल जमाव, चारदीवारी न होने और पानी की समस्या के चलते भी मरीजों को बेहद तकलीफों का सामना करना पड़ता है। मरीजों के मुताबिक अस्पताल में जो पानी आता है, वह व्यवहार योग्य नहीं होता। इसलिए उन्हें अस्पताल से करीब 300 मीटर दूर बने नलकूप से पानी लाकर काम चलाना पड़ता है। प्रखंड स्वास्थ्य अधिकारी लक्ष्मी कांत प्रमाणिक ने समस्या की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उच्च स्तर पर इसकी जानकारी दी गई है। जल्द ही समस्याओं का निस्तारण हो जाने की उम्मीद है।