कुमलाई बागान खोलने को लेकर श्रमिकों ने किया सड़क जाम
संवाद सूत्र, मालबाजार: अचल कुमलाई चाय बागान खोलने की मांग को लेकर श्रमिकों ने डामडिम में राष्ट्रीय र
संवाद सूत्र, मालबाजार: अचल कुमलाई चाय बागान खोलने की मांग को लेकर श्रमिकों ने डामडिम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम करके विरोध प्रदर्शन किया। बाद में प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बाद सड़क को जाम मुक्त किया गया।
माल ब्लाक के डामडिम ग्राम पंचायत के अंर्तगत कुमलाई चाय बागान 15 नवंबर 2015 से ही अचल है। इस कारण बागान के 1118 श्रमिकों को परिवार चलाने में काफी समस्या हो रही है। कई बार आवेदन करने के बाद भी बागान खोलने के लिए प्रशासन आगे नहीं आई। इस कारण आक्रोशित होकर श्रमिकों ने आज डामडिम मोड़ के 31 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम करके विरोध प्रदर्शन किया। करीब 1 घंटे तक आंदोलन चला।
बीना तामांग, रंगना तामांग व चिंतामुनी मुंडा ने कहा कि गत दो वर्षो से बागान अचल है। श्रमिक असहाय अवस्था में जीवनयापन कर रहे हैं। उनलोगों की मांग है कि जल्द से जल्द बागान खोला जाए।
आज के आंदोलन में शामिल श्रमिक नेता इंद्रजीत दास, दीपक गुरुंग ने कहा कि बागान खोलने के मालिक पक्ष जबरन कुछ शर्तो को थोपना चाह रही है। श्रमिक संगठनों की मांग है कि बिना शर्त के ही बागान खोला जाए।
घटना की सूचना पाकर माल थाना से पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों से बात करने के बाद ही सड़क को जाम मुक्त किया गया। श्रमिकों ने माल बीडीओ कार्यालय में आकर बीडीओ से चर्चा भी की।
बीडीओ ने कहा कि कुमलाई बागान की समस्या को लेकर बुधवार को माल महकमा शासक के साथ बैठक होगी।