बदहाल सेतु से हलकान यात्री
संवाद सूत्र, अलीपुरद्वार : अलीपुरद्वार-जलपाईगुड़ी एनएच-31 सी अंतर्गत हासीमारा के तोर्षा सेतु की बदहाल दशा के चलते करीब पांच घंटे तक यातायात बाधित रही। सोमवार की दोपहर 12 बजे के करीब एनएच प्राधिकरण ने तोर्षा सेतु की आपातकालीन मरम्मत करने के दौरान यातायात बाधित हुई। इसी क्रम में पांच घंटे लगे। यातायात लंबे समय तक बाधित होने से स्थानीय निवासियों एवं यात्रियों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय व पुलिस सूत्र के अनुसार काफी दिनों से हासीमारा-वीरपाड़ा रूट पर राजमार्ग की दशा बेहाल है। इसमें तोर्षा सेतु की दशा तो और सोचनीय है। घटना के रोज सुबह एक मालवाही ट्रक सेतु में बने गड्ढे में फंसकर खराब हो गई। यहां तक कि सेतु से संपर्क वाला लोहे का प्लेट भी अपनी जगह से हट गया था। इसलिए उसकी तत्काल मरम्मत जरुरी थी। इसी दौरान दोनों ओर काफी संख्या में वाहन रुके रहे। एनएचएआइ के सिलीगुड़ी डिवीजन के कार्यकारी इंजीनियर राजा चटर्जी ने बताया कि जरुरी मरम्मत का काम चल रहा है। फिलहाल वाहनों का परिचालन सामान्य है।