हैदराबाद घटना की तरह मालदा में भी 20 साल की युवती के साथ दुष्कर्म के बाद जिंदा जलाया
हैदराबाद घटना की तरह मालदा में भी 20 साल की युवती के साथ दुष्कर्म के बाद जिंदा जलाया
मालदा, जेएनएन। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में महिला डॉक्टर के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मामला लगातार सुर्खियों में है। हैदराबाद की घटना की तरह मालदा में भी 20 साल की एक युवती के साथ दुष्कर्म के बाद जिंदा जलाने की घटना सामने आई है। यह पूरी घटना 4 दिसंबर की है।
जानकारी हो कि पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में आम के एक बाग में बृहस्पतिवार को एक युवती का जला हुआ शव मिला। ऐसा संदेह है कि दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत देवनाथ ने बताया कि शव बुरी तरह जला हुआ है जिससे युवती की पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि शव को स्थानीय किसानों ने इंग्लिश बाजार पुलिस थानाक्षेत्र में सुबह देखा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि महिला की उम्र लगभग 20-22 साल की होगी। उन्होंने बताया कि शव पर चोट के कई निशान हैं जिसे पोस्टमार्टम के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
पुलिस विभाग के सूत्रों ने बताया कि शुरुआती जांच से ऐसा संकेत मिला है कि दुष्कर्म के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या की गई और उसके बाद शव को जला दिया गया। शव के पास एक जोड़ी चप्पल और कई माचिस मिलीं। यह घटना हैदराबाद में महिला पशु चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने और उसका जला हुआ शव मिलने की घटना के एक सप्ताह बाद हुई है। बृहस्पतिवार सुबह उत्तर प्रदेश के उन्नाव में दुष्कर्म पीड़िता एक युवती को भी आरोपी समेत पांच लोगों द्वारा जला दिए जाने की घटना सामने आई है। बिहार के बक्सर और उत्तर प्रदेश के संभल से भी ऐसी ही घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
जानकारी हो कि हैदराबाद की घटना के बाद दिल्ली सहित पूरे देश में दुष्कर्म के खिलाफ आवाज उठाई जा रही है पर उसके बावजूद ऐसी घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है।