विमान यात्रियों की संख्या में हुई वृद्धि
-नागरिक उड्डयन मंत्रालय से प्रमाण पत्र मिलने के बाद चालू होगा आइएलएस जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : ब
-नागरिक उड्डयन मंत्रालय से प्रमाण पत्र मिलने के बाद चालू होगा आइएलएस
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : बागडोगरा एयरपोर्ट पर भले नाइट लैंडिंग की सुविधा बहाल नहीं हो पाई हो,लेकिन एयरपोर्ट पर यात्रियों के आगमन व प्रस्थान करने की संख्या में काफी वृद्धि दर्ज की गई है। बागडोगरा एयरपोर्ट के निदेशक राकेश सहाय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2015-16 की अपेक्षा वर्ष 2016-17 में 31 जनवरी तक 31 प्रतिशत से ज्यादा वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले वर्ष एक अप्रैल 2016 से इस महीने 31 जनवरी 2017 तक बागडोगरा एयरपोर्ट पर विमान यात्रियों के आवागमन की संख्या 11 लाख 77 हजार 903 हो गई है। जबकि वित्तीय वर्ष 2015-16 10 लाख 85 हजार 649 विमान यात्रियों का आवागमन हुआ था। सहाय ने बताया कि यात्रियों के वृद्धि दर को देखते हुए इस वर्ष मार्च तक यह आंकड़ा 14 लाख से उपर पहुंच जाएगा। बागडोगरा एयरपोर्ट द्वारा मिली जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2012-13 से लेकर वित्तीय वर्ष 2016-17 के बीच अब तक विमान यात्रियों की दोगुनी हो गई है। वित्तीय वर्ष 2012-13 में विमान यात्रियों की संख्या छह लाख 66 हजार 779 थी।
सहाय ने बताया कि बागडोगरा एयरपोर्ट पर इंस्ट्रूमेंटल लैंडिंग सिस्टम (कैट टू) लगाने का काम पूरा हो गया है। जैसे ही नागरिक उड्डयन मंत्रालय से प्रमाण पत्र मिलता है, इसे चालू कर दिया जाएगा। आइएलएस चालू होने के बाद रात्रि विमान परिसेवा शुरू करने का रास्ता साफ हो जाएगा। इसके अलावा जाड़े के मौसम में दृश्यता की कमी की भी समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने तात्कालिक रूप में चल रहे एयरपोर्ट के विस्तार का काम भी जून तक पूरा हो जाने की संभावना उन्होंने व्यक्त की।