नागरिक सम्मेलन के माध्यम से गिनाई जायेंगी उपलब्धियां
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम क्षेत्र में उत्तर बंगाल विकास विभाग, सिलीगुड़ी नगर निगम
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम क्षेत्र में उत्तर बंगाल विकास विभाग, सिलीगुड़ी नगर निगम व सिलीगुड़ी-जलपाइगुड़ी विकास प्राधिकरण (एसजेडीए) के तहत के विभिन्न परियोजनाओं पर विकास मूलक कार्य किये गये हैं। राज्य सरकार व इन संस्थाओं द्वारा किये गये विकास कार्यो की जानकारी नागरिक सम्मेलन के माध्यम से शहर की जनता को दी जायेगी। उक्त बातें उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव ने कहीं हैं। उन्होंने बुधवार को सिलीगुड़ी नगर निगम व सिलीगुड़ी-जलपाइगुड़ी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद संवाददाताओं से बातें कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी में कुल सात जगहों पर नागरिक सम्मेलन आयोजित की जायेगी। सम्मेलन के दौरान साढ़े तीन वर्षो के कार्यो को पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया जायेगा। सिलीगुड़ी नगर निगम व सिलीगुड़ी महकमा परिषद के विकास कार्यो पर आधारित एक बुकलेट भी प्रकाशित कर लोगों को जानकारी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी नगर निगम अंतर्गत 37 पार्को का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इन पार्को का निर्माण पूर्ववर्ती सरकार द्वारा किया गया था, लेकिन रख-रखाव की अभाव में इन पार्को का खास्ताहाल हो गया था। अब इन पार्को के जीर्णोद्धार का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी नगर निगम व सिलीगुड़ी महकमा के अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं पर चल रहे कार्यो के बारे में सिलीगुड़ी नगर निगम व सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यो की समीक्षा की गई।