अब झंडे पर झल्लाए मंत्री
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव अब विरोधी दल के झंडे पर झल्ला गए हैं। इस झल्लाहट का असर यह है कि नगर निगम ने संबंधित पार्टी को नोटिस जारी किया है कि वह गांधी स्कूल मैदान में लगा अपना झंडा हटा ले।
किस्सा कुछ यूं है। बीते गुरुवार मंत्री गौतम देव सफाई अभियान का जायजा लेने खालपाड़ा गए तो उनकी नजर गांधी मैदान स्कूल में लगे एक विरोधी राजनीतिक पार्टी के झंडे पर पड़ गई। बस उनका पारा चढ़ गया। तुरंत नगर निगम के अधिकारियों को फरमान जारी हुआ कि जिस पार्टी का झंडा है उसे नोटिस भेजो। शुक्रवार को यह नोटिस भेज दिया गया। अब कहा यह जा रहा है कि शिक्षण संस्थानों पर किसी भी राजनीतिक पार्टी का झंडा नहीं लगाया जा सकता। इससे स्कूल का माहौल खराब होने की संभावना बनी रहती है। ऐसे में अगर उक्त पार्टी द्वारा झंडा नहीं हटाया जाता है, नगर निगम प्रशासन उसे वहां से हटाएगा।