मुख्यमंत्री का उत्तर बंगाल दौरा आज से
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का उत्तर बंगाल दौरा सोमवार से शुरू हो रहा है। इसके पहले दिन वह यहां सर्कस मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। इस मौके पर कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगी।
उल्लेखनीय है कि विदेश दौरे से लौटने के बाद यह मुख्यमंत्री का पहला दौरा है। वह तीन दिनों के लिए उत्तर बंगाल आ रही है। मुख्यमंत्री दोपहर बाद 3.30 बजे हवाई मार्ग से बागडोगरा एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। उनके साथ कई मंत्री और अधिकारियों का दल होगा। मुख्यमंत्री बागडोगरा से सड़क मार्ग से शाम चार बजे सेवक रोड स्थित सर्कस मैदान पहुंचेंगी। वहां एक सरकारी कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम को समाप्त कर सड़क मार्ग से ही कालिम्पोंग के लिए रवाना होंगी। वहां रात्रि विश्राम के बाद दो सिंतबर को पूर्व निर्धारित गोरखालैंड टेरिटोरिएल एडमिनिस्ट्रेशन की द्विपक्षीय बैठक में भाग लेंगी और तीन सिंतबर को कोलकाता लौट जाएंगी। कार्यक्रम स्थल का पुलिस अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने के बाद उत्तर बंगाल उन्नयन मंत्री गौतम देव ने बताया कि मुख्यमंत्री यहां सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण, नगर निगम व उत्तर बंग विकास विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन भी करेंगी। दीनबंधु मंच के के सौंदर्यीकरण का भी यहीं से उद्घाटन होगा। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर ही मुख्यमंत्री मीटर टैक्सी का ऑफर लेटर लाभान्वितों को प्रदान करेंगी। जिले में लगभग एक हजार मीटर टैक्सी के परमिट दिए जाने हैं। उसके बाद बचे ऑफर लेटर दो सितंबर को सिलीगुड़ी कंचनजंघा स्टेडियम हॉल में प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार परिवहन विभाग से छह रॉकेट व तीन वोल्वो समेत 48 नई बसें व जेएनएनयूआरएम परियोजना में 140 बसें उत्तर बंगाल को मिली हैं। 48 बसों में 14 सामान्य व छह रॉकेट व तीन वोल्वो बसें सिलीगुड़ी से चलेंगी। बाकी उत्तर बंगाल के अन्य जिलों से चलेंगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को इसका भी शुभारंभ कार्यक्रम स्थल से ही करेंगी। सिलीगुड़ी में लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से दर्जन भर मैस्ट्रिक रोड बनाए जा रहे हैं। इनमें दो का काम पूरा हो गया है। आठ पर कार्य चल रहा है। इन रास्तों का भी मुख्यमंत्री के कर कमलों से शिलान्यास व उद्घाटन कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में संपन्न होगा। रविवार पूरे दिन सुरक्षा व्यवस्था का रिहर्सल किया गया। कार्यक्रम स्थल से लेकर बागडोगरा तक मुख्यमंत्री के स्वागत में कई तोरण द्वार बनाए गये है।