तृकां की अराजकता के खिलाफ जारी रहेगा आंदोलन
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस की अराजकता के खिलाफ भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा, क्योंकि राज्य में माकपा और कांग्रेस महत्वहीन हो चुके हैं और भाजपा ही मुख्य विपक्षी दल है।
वह शुक्रवार को यहां सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट्स क्लब में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व की माकपा की भांति ही अब तृणमूल कांग्रेस भी राज्य में अराजकता फैला रही है। उसके सांसद तापस पाल विपक्षियों के घरों में रेप कराने की धमकी देते हैं, मगर कोई कार्रवाई नहीं होती है। हमारी पार्टी ने प्राथमिकी भी दर्ज करवाई मगर तापस पाल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। राज्य में व्याप्त इस अराजकता से हर हाल में निपटना होगा। चाय बागानों में श्रमिक भूखे मर रहे हैं। राज्य सरकार वहां राहत बहाल करने में विफल है। इसके लिए हम केंद्र से हस्तक्षेप की मांग करेंगे। केंद्र सहयोग करेगा मगर राज्य सरकार ही सहयोग नहीं चाहेगी तो कैसे होगा।
उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण (एसजेडीए) घोटके के मुख्य आरोपियों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं की गई है। इस मुद्दे पर भी हम आंदोलन करेंगे।
उन्होंने दावा किया कि अपनी तीन दिन की यात्रा के दौरान उत्तर बंगाल के चार जिलों में विभिन्न दलों के लगभग 21 हजार समर्थकों को उन्होंने भाजपा से जोड़ा है। जहां तक सिलीगुड़ी नगर निगम व सिलीगुड़ी महकमा परिषद चुनाव का सवाल है हम अपने समस्त गठबंधन सहयोगियों को लेकर यह चुनाव लड़ेंगे। जल्द ही इसकी रणनीति तय होगी। इसके साथ ही उत्तर बंगाल समेत पूरे पश्चिम बंगाल में हरेक प्रखंड व जिला स्तर पर भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे। भाजपा की संगठन-शक्ति के विस्तार के लिए हम सब तत्पर हैं। हरेक स्तर पर कार्यकर्ताओं को तन-मन-धन से इसमें जुट जाने को कहा गया है। अब राज्य के अगले विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता भाजपा को ही बागडोर सौंपेगी।