14 सालों से अवैध रूप से रह रहे रूसी नागरिक को स्वदेश भेजा
उत्तरकाशी जिले के डामटा में चौदह सालों से अवैध रूप से रह रहे रूसी नागरिक सेरगुए रजेवजेइव को सकुशल उसके देश रूस वापस लौटा दिया गया है।
उत्तरकाशी, [जेएनएन]: बीते 14 वर्षों से भारत में अवैध रूप से रह रहे रूसी नागरिक सेरगुए रजेवजेइव (55 वर्ष) उसके देश रूस वापस लौट गया है। इसी वर्ष एक जुलाई को पुलिस ने उसे उत्तरकाशी जिले के डामटा कस्बे से गिरफ्तार किया था। अदालत ने जेल की सज़ा सुनाते हुए निर्वासित करने के आदेश दिए थे।
उत्तरकाशी के एसपी ददन पाल ने बताया कि सेरगुए वर्ष 1998 में रूसी पासपोर्ट पर भारत आया था। वर्ष 2003 में उसका वीजा खत्म हो गया। इसके बाद वह पंजाब, हिमाचल और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में रहा। इसी साल 15 अप्रैल को वह डामटा पहुंचा और एक गांव के बाहर झोपड़ी बनाकर रहने लगा। एक जुलाई को स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआइयू) ने उसे गिरफ्तार किया। इसकी सूचना रूसी दूतावास को भी दे दी गई थी।
बीते सोमवार को इस मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मिथलेश झा ने उसे निर्वासित करने का फैसला सुनाया। जिसके बाद एलआइयू की टीम सेरगुए को रूसी दूतावास ले गई। जहां से सेरगुए को रात में रूस भेजा गया।
यह भी पढ़ें: अस्पताल में भर्ती रूसी नागरिक ने पिया जूस, इलाज से इन्कार
यह भी पढ़ें: रूसी नागरिक को ऋषिकेश एम्स में कराया भर्ती
यह भी पढ़ें: पहले से था नेपाल का पासपोर्ट, बनवा रहा था भारत का; आया पकड़ में