पुश्ता ढहने से 13 घंटे बंद रहा गंगोत्री राजमार्ग
जागरण प्रतिनिधि,उत्तरकाशी : गंगोत्री हाइवे पर मनेरी झील से लगा पुश्ता ढहने से राष्ट्रीय राजमार्ग 13 घंटे बाधित रहा है। हाइवे के बंद रहने से गंगोत्री धाम में आने वाले तीर्थयात्रियों समेत स्थानीय लोगों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा। शुक्रवार सुबह बीआरओ ने कड़ी मशक्कत के बाद छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए हाइवे खोल दिया है।
गुरुवार की रात्रि करीब 10 बजे गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मनेरी के समीप झील किनारे से लगा पुश्ता ढह गया। इससे हाइवे का दस मीटर हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क का एक हिस्सा ढह गया। पुश्ता क्षतिग्रस्त होने से गंगोत्री धाम में आने वाले तीर्थयात्रियों के साथ ही स्थानीय लोग राजमार्ग के दोनों छोर पर फंसे रहे। शुक्रवार तड़के सीमा सड़क संगठन के मजदूरों ने छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए हाइवे को खोल दिया। झील की ओर से लगा पुश्ता भूधंसाव की जद में आने से बीआरओ पहाड़ी काट कर बड़े वाहनों की आवाजाही के प्रयास में जुटा है। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने राजमार्ग के ध्वस्त हुए हिस्से का स्थलीय निरीक्षण कर बीआरओ को शीघ्र बड़े की आवाजाही के लिए हाइवे को खोलने के निर्देश दिए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर