बारिश के साथ मलबा आने से बंद हुई सड़कें
जागरण टीम, गढ़वाल: मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश से कई जगह मलबा आने से मार्ग बंद हो गए। ऋषिकेश बदरी
जागरण टीम, गढ़वाल: मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश से कई जगह मलबा आने से मार्ग बंद हो गए। ऋषिकेश बदरीनाथ राजमार्ग पर मलबा आ गया, जबकि उत्तरकाशी में विश्वनाथ मंदिर मार्ग पर एक पेड़ की टहनी टूटकर गिर गई। यमुनोत्री पैदल मार्ग भी 27 घंटे बाद सुचारु हो सका।
चमोली जिले में ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग मंगलवार रात भारी बारिश से मलबे से पट गया। लामबगड़, मैठाणा व बाजपुर में मलबा आने से हाईवे सवा सात घंटे तक अवरुद्ध रहा। हालांकि सुबह सीमा सड़क संगठन ने हाईवे से मलबा हटाकर यात्री वाहनों की आवाजाही चालू कराई। बुधवार को भी चमोली जिले में मौसम का मिजाज बदला बदला रहा। सुबह मौसम साफ रहा। जबकि दोपहर में हल्की बूंदाबांदी के बाद फिर आसमान साफ हुआ।
उत्तरकाशी में काशी विश्वनाथ मंदिर के समीप डीएम आवास परिसर के पीछे बुधवार दोपहर एक हरे पेड़ की शाखा टूटकर गिर गई। इससे मंदिर से पालिका की ओर जाने वाला मार्ग एक घंटे तक बंद रहा। पेड़ की शाखा टूटने से डीएम आवास की चहारदीवारी भी क्षतिग्रस्त हो गई, साथ ही डीएम आवास में काम कर रहे एक कर्मचारी का दुपहिया वाहन इसकी चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया। नगरपालिका बाड़ाहाट के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ की शाखा को कटान कर मार्ग को सुचारु किया।
वहीं, यमुनोत्री धाम जाने वाले पैदल मार्ग पर भैरव मंदिर के समीप गिरा बोल्डर बुधवार सुबह 11 बजे लोनिवि व जिला पंचायत के कर्मचारियों ने पुलिस के जवानों की मदद से हटा दिया। इसके बाद इस मुख्य मार्ग से घोड़े-खच्चर व डंडी-कंडी का संचालन शुरू हुआ। वहीं दूसरी ओर यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओजरी के समीप बुधवार सुबह साढ़े छह बजे सड़क पर मलबा आ गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। एनएच के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाया व सुबह 7.20 पर यात्रा सुचारु हो गई। इस दौरान करीब पौन घंटा यमुनोत्री यात्रा बाधित हुई। इधर जिला मुख्यालय उत्तरकाशी, गंगोत्री, यमुनोत्री, भटवाड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़ सहित कई स्थान पर पर मंगलवार रात दो घंटे तथा बुधवार की दोपहर को दो घंटे बारिश हुई।
पौड़ी मुख्यालय तथा इससे सटे क्षेत्रों में भी बुधवार सुबह से बादल छाए रहने के बाद दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली तो झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश के चलते माल रोड, श्रीनगर रोड, कलक्ट्रेट के समीप कई स्थानों पर जल भराव से राह चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।