प्रसिद्ध जागर गायक बांके लाल को मदद की दरकार
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी: कभी अपने जागरों के जरिए लोगों की नजरों में चढ़े प्रसिद्ध जागर गायक बांके
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी: कभी अपने जागरों के जरिए लोगों की नजरों में चढ़े प्रसिद्ध जागर गायक बांके लाल आज सभी की नजरों से करीब ओझल हो चुके हैं। अस्थमा से पीड़ित बांके लाल का आज कोई खैरख्वाह नहीं है। इस बात से वे बहुत मायूस हैं। बांके लाल पिछले 15 दिन से अस्पताल में भर्ती हैं। उनके नजीबाबाद से करीब 150 से अधिक कार्यक्रम प्रसारित हो चुके हैं।
उत्तरकाशी के डुंडा ब्लॉक के थाती धनारी गांव निवासी 76 वर्षीय बांके लाल दो साल से अस्थमा से पीड़ित हैं। मगर आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उनका इलाज सही से नहीं हो पा रहा है। 15 दिन पहले उनकी तबियत बिगड़ने पर उनकी बेटी संगीता और पत्नी बचन देई ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बांके लाल ने इस मौके पर अपनी पीड़ा जाहिर की। उन्होंने बताया कि जब तक वे जागर गा रहे थे, तब तब उनकी पूछ थी, मगर आज कोई पूछने वाला नहीं है। उन्होंने बताया कि संस्कृति विभाग से भी उन्हों कोई सहायता नहीं मिली। उधर संवेदना समूह के अध्यक्ष जयप्रकाश राणा ने लोगों से मदद को आगे आने की अपील की। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. आरपी ¨सह ने बताया के उनके स्वास्थ्य में सुधार आ रहा है।
माघ मेले की रौनक रहा करते थे बांके लाल
बांके लाल उत्तरकाशी से लेकर दिल्ली समेत अन्य स्थानों पर अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं। उत्तरकाशी के प्रसिद्ध माघ मेले के पहले दिन उनके जागर सुनने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रहती थी। इस दौरान वे कई पारंपरिक वाद्य यंत्र खुद ही बजाते थे।