लुदराला में भीषण आग से चार मकान राख,मवेशी झुलसे
संवाद सूत्र, पुरोला : लुदराला गांव में शुक्रवार देर रात अचानक लगी आग से एक ही परिवार के चार मकान जल
संवाद सूत्र, पुरोला : लुदराला गांव में शुक्रवार देर रात अचानक लगी आग से एक ही परिवार के चार मकान जल कर राख हो गए। आग से दो मवेशी भी झुलस गए। आग लगने के कारणों का पता नही चल पाया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया।
तहसील मुख्यालय मोरी से 12 किमी दूरी पर स्थित पोखरी ग्राम पंचायत लुदराला में शुक्रवार रात को अचानक आग लग गई। इससे नरेंद्र सिंह, गणेश व पवन सिंह व अतरी देवी पत्नी कलम सिंह के दोमंजिला मकान जल कर राख गए। पड़ोसी पोखरी गांव के ग्रामीणों ने रात को लुदराला में धुआं व आग की लपटें देख कर आग बुझाने दौड़ पडे़। ग्रामीणों ने बाल्टी और बंटों से पानी डाल कर आग को अन्य मकानों में फैलने से रोका व बड़ा अग्निकांड होने से बचाया। आग से घर में रखा राशन, कपड़े नगदी जल गए जबकि दो गाय भी झुलस गई। घटना की सूचना मिलते ही मोरी से राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पंहुचकर नुकसान का जायजा लिया। तहसीलदार सुखपाल सिंह रावत ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात की है, शनिवार सुबह ही पटवारी व कानूनगो का जायजा लेने भेज दिया गया है,आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।