गंगा की भोगमूर्ति का किया अभिषेक
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : गंगोत्री धाम में गंगा दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। करीब पां
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : गंगोत्री धाम में गंगा दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। करीब पांच हजार श्रद्धालुओं ने गंगा भागीरथी में स्नान कर गंगोत्री मंदिर के दर्शन किए।
गंगोत्री धाम में गंगा दशहरा पर्व के लिए गुरुवार सुबह से ही बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। देश विदेश से आए श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोग देवी देवताओं की डोलियों के साथ गंगोत्री धाम पहुंचे। धाम में तीर्थ पुरोहितों ने सुबह गंगा की भोगमूर्ति का जलाभिषेक किया। उसके बाद भोगमूर्ति का श्रृंगार किया गया। गंगा सहस्त्रनाम व गंगा लहरी पाठ के साथ इस पूरे कार्यक्रम में बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने शिरकत की। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष उत्तरकाशी जयेंद्री राणा, पूर्व विधायक गोपाल रावत, गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष भागेश्वर सेमवाल, सुरेश सेमवाल, रजनीकांत सेमवाल, दीपक सेमवाल, संजीव सेमवाल समेत अन्य तीर्थ पुरोहित मौजूद रहे।
संचार व्यवस्था बदहाल
गंगोत्री धाम में सुबह से ही संचार व्यवस्था बाधित होती रही। करीब पांच घंटे तक संचार व्यवस्था बाधित रहने के कारण लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। धाम में सीजन में कपाट खुलने के बाद दूसरी बार बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंचे थे। लेकिन खराब संचार व्यवस्था के कारण लोग बाहर संपर्क नहीं कर सके।