स्याबा को गंगोत्री हाईवे से जोड़ने वाली पुलिया बही
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : बीते चार दिनों से गर्म होते मौसम के कारण भागीरथी का जलस्तर बढ़ने लगा है
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : बीते चार दिनों से गर्म होते मौसम के कारण भागीरथी का जलस्तर बढ़ने लगा है। इससे स्याबा गांव को गंगोत्री हाईवे से जोड़ने वाली अस्थाई पुलिया बह गई। अब ग्रामीणों को सड़क तक आवाजाही के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी।
वर्ष 2013 की बाढ़ में स्याबा को गंगोत्री हाईवे से जोड़ने वाला झूला पुल बह गया था। जिला मुख्यालय से 20 किमी की दूरी पर यह पुल नलूणा में स्थित था। इसी जगह पर छह माह पूर्व पचास हजार की लागत से ग्राम पंचायत ने लकड़ी की अस्थाई पुलिया बनाई थी। इससे स्याबा के ग्रामीण पहले की तरह ही गांव से सड़क तक पहुंचते थे। इस जगह पर जिला प्रशासन ने बाढ़ के बाद एक ट्रॉली भी लगवाई थी। अस्थाई पुलिया बनने के कुछ दिन बाद यह ट्रॉली खराब हो गई थी और उसकी फिर सुध नहीं ली गई। लिहाजा अब ग्रामीणों को सड़क तक पहुंचने के लिए पांच किमी के बजाय बारह किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ेगी। ग्राम प्रधान बृजमोहन ने बताया कि ट्रॉली ठीक न होने से अब स्याबा गांव लगभग कैद होकर रह गया है। उन्होंने जिला प्रशासन से ट्रॉली को ठीक किए जाने की मांग की। इसके अलावा भागीरथी पर डिडसारी, चामकोट और अठाली गांव को भी सड़क से जोड़ने को अस्थाई पुलिया ही काम आ रही हैं। अब भागीरथी का जलस्तर बढ़ने से इन पर भी खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों को डर है कि किसी भी समय ये पुलिया बहने से उनके सामने एक बार फिर आवाजाही की मुश्किल खड़ी हो जाएगी।