राहुल के उत्तराखंड में होने की चर्चा गरम
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : संसद सत्र छोड़कर छुट्टी मनाने की चर्चा के बीच बुधवार को कांग्रेस उपाध्यक
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : संसद सत्र छोड़कर छुट्टी मनाने की चर्चा के बीच बुधवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड में होने की खबरों ने क्षेत्र की सर्द फिजाओं में गरमी बढ़ा दी। कभी राहुल के गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी और कभी कुमाऊं मंडल के कौसानी में होने की चर्चाओं से क्षेत्र में सियासी और प्रशासनिक हल्के भी बच नहीं पाए। इन अटकलों को बल इसलिए मिला क्योंकि वर्ष 2009 में भी वह अचानक उत्तरकाशी के दयारा बुग्याल पहुंच गए थे। इससे पार्टी के कार्यो से छुट्टी लेकर एक बार फिर उनके उत्तराखंड पहुंचने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया। हालांकि देहरादून व नई दिल्ली से राहुल गांधी के उत्तराखंड में होने की कोई पुष्टि नहीं हुई।
बीते दिनों खुद को पार्टी के कामों से अलग कर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी कुछ हफ्तों की छुट्टी पर चले गए थे। उनके इस राजनीतिक अवकाश को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। एक कांग्रेसी जगदीश शर्मा ने अपने तरीके से इन चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश करते हुए उन्हें गंगोत्री क्षेत्र में बताते हुए ट्विटर के जरिए कुछ फोटो पोस्ट कर दिए। दरअसल, वर्ष 2009 के अक्टूबर माह में राहुल गांधी दयारा बुग्याल में पहुंचकर एक रात बिता चुके हैं, लिहाजा एक बार फिर उनके उत्तरकाशी और उसके आसपास के क्षेत्र में होने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया। हालांकि खराब मौसम और बर्फबारी के कारण दयारा या हर्षिल जैसी जगहों पर पहुंचना आसान नहीं है। इसके अलावा बार्सू व सुक्की टॉप में भी राहुल गांधी के होने की अफवाह उड़ती रही लेकिन पुष्टि नहीं हो सकी। जिला प्रशासन और पुलिस के पास भी जिले में राहुल गांधी की मौजूदगी की कोई सूचना नहीं थी। जिलाधिकारी उत्तरकाशी इंदुधर बौड़ाई ने बताया कि इस तरह की कोई सूचना उन्हें नहीं है। इसके बावजूद उन्होंने अपने स्तर से कुछ जगहों की सूचना ली है जिसमें किसी भी वीवीआईपी के होने की जानकारी नहीं है। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री के कांग्रेस विधायक विजयपाल सजवाण से संपर्क किए जाने उन्होंने भी इसे महज अफवाह करार दिया। देहरादून में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि उनके पास पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड आने की कोई सूचना नहीं है। अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना अशोक कुमार ने कहा कि राहुल गांधी के उत्तराखंड में होने की कोई सूचना नहीं है।
उधर, नई दिल्ली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कार्यालय व कांग्रेस महासचिव पीसी चाको ने जगदीश शर्मा के राहुल गांधी के उत्तराखंड में होने के दावों को खारिज करते हुए उनसे पार्टी के किसी तरह के रिश्तों से इन्कार कर दिया। बताया गया कि राहुल के उत्तराखंड में होने संबंधी तस्वीरें उनके पांच वर्ष पहले के दौरे के समय की हैं।