बाढ़ सुरक्षा निर्माण कार्य शुरू
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी : लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नगर क्षेत्र की ओर से बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू हो
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी : लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नगर क्षेत्र की ओर से बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू हो गए हैं। रविवार को केदारघाट से तांबखानी बस्ती तक छह सौ मीटर लंबी सुरक्षा दीवार के निर्माण का शुभारंभ विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने किया। इस मौके पर उन्होंने तीन महीने के भीतर दीवार का काम पूरा ना होने संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
रविवार को संसदीय सचिव व विधायक गंगोत्री विजयपाल सिंह सजवाण ने शहर की ओर केदारघाट पुल से ताबाखानी तक बनने वाली सुरक्षा दीवार का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। बाढ़ सुरक्षा कार्यो के तहत उत्तरांचल जल विद्युत निगम की ओर से बनाई जा रही सुरक्षा दीवार से नगर क्षेत्र की सुरक्षा बाढ़ से पुख्ता की जाएगी। रविवार को सुरक्षा दीवार का भूमि पूजन कर शुभारंभ के मौके पर विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने निगम और आरआर कस्ट्रंक्शन को तीन महीने के भीतर सुरक्षा दीवार का काम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने काम में लापरवाही और तय सीमा के तहत काम ना होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। विधायक ने बताया कि केदारघाट से मलिन बस्ती तांबाखानी तक करीब 600 मीटर सुरक्षा दीवार का कार्य होना है और दूसरे फेज में तिलोथ पुल व वाल्मिकी बस्ती की ओर बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने बताया कि केदारघाट से लेकर तांबाखानी तक होने वाले बाढ़ सुरक्षा कार्य व्यापार मण्डल व जनप्रतिनधियों की देख रेख में होगा। विधायक ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वासन दिया कि सभी बाढ़ सुरक्षा कार्य अगले मानसून से पहले पूरे कर दिए जाएंगे। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनानंद नौटियाल, नगर अध्यक्ष विजय सेमवाल, यूजीवीएनएल के अधिशासी अभियंता शिवदास, सहायक अभियंता प्रकाश चौहान, व्यापार मंडल के सचिव अंकित उप्पल, प्रीतम गुंबर समेत अन्य मौजूद थे।