शीतकाल में खरसाली में होंगे यमुना के दर्शन
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के साथ ही शीतकालीन यात्रा की
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के साथ ही शीतकालीन यात्रा की औपचारिक घोषणा भी कर दी गई है। खरसाली गांव में शहरी विकास मंत्री प्रीतम सिंह पंवार ने यात्रा का शुभारंभ किया। उधर मुखबा में शनिवार को प्रस्तावित कार्यक्रम पुरोहित समाज के एक सदस्य के देहांत के कारण निरस्त करना पड़ा।
खरसाली में शीतकालीन यात्रा शुभारंभ समारोह में शहरी विकास मंत्री ने कहा कि सरकार यात्रा के लिए सभी व्यवस्थाएं जुटा रही है। फिलहाल खरसाली व मुखबा गांव तक यात्री आसानी से पहुंच सकते हैं। आने वाले महीनों में मौसम की स्थिति को देखते हुए सड़क मार्ग व अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह शुरुआती कदम है, समय के साथ शीतकालीन यात्रा जोर शोर से होने की उम्मीद है। इससे पूर्व उन्होंने यमुनोत्री मंदिर कार्यालय के लिए 11 लाख व खरसाली में यमुना मंदिर निर्माण के लिये पांच लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। इस मौके पर तीर्थ पुरोहितों ने शहरी विकास मंत्री को कई समस्याओं से अवगत कराया। वहीं शीतकालीन यात्रा में मंदिर समिति की ओर से पूरे सहयोग का भरोसा दिलाया। दूसरी ओर, मुखबा गांव में शीतकालीन यात्रा शुभारंभ समारोह का आयोजन नहीं हो सका। गंगोत्री के पुरोहित समाज से जुड़े सदस्य मनोज सेमवाल की मृत्यु होने के कारण यह कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा।