छात्रों ने प्रस्तुत किए विज्ञान मॉडल
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी : कीर्ति इंटर कॉलेज में दो दिवसीय विज्ञान महोत्सव में जिले भर से आए छात्रों
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी : कीर्ति इंटर कॉलेज में दो दिवसीय विज्ञान महोत्सव में जिले भर से आए छात्रों ने अपने विज्ञान मॉडल और परियोजनाएं प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में मंगलवार को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए परियोजनाओं का चयन किया जाएगा।
सोमवार को राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज परिसर में जनपदीय विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक राय साहब यादव ने सभी प्रतिभागी छात्र छात्राओं से विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने जिले भर से ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के चयनित होकर आए विज्ञान मॉडलों का भी अवलोकन किया। इस वर्ष विज्ञान महोत्सव में चिरस्थाई विश्व के लिए विज्ञान व गणित मुख्य विषय के विभिन्न उप विषयों पर छात्र छात्राओं ने मॉडल, प्रोजेक्ट और विज्ञान ड्रामा प्रस्तुत किया है। पहले दिन आयोजित प्रदर्शनी में शिक्षकों व छात्रों ने विज्ञान मॉडलों, परियोजनाओं का अवलोकन कर बाल वैज्ञानिक छात्रों से इसकी जानकारी ली। जनपदीय विज्ञान समन्वयक वाईएस भंडारी ने बताया कि मंगलवार को प्रतियोगिता का समापन किया जाएगा। इसमें अव्वल परियोजनाएं, मॉडल व ड्रामा राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस मौके पर स्थल संयोजक सोबत सिंह नेगी प्रधानाचार्य राइंका उत्तरकाशी, विजयलक्ष्मी रावत, गीताजंली जोशी समेत जिले भर से आए शिक्षक और छात्र छात्राएं मौजूद थी।