प्रीति की बाढ़ नियंत्रण परियोजना रही अव्वल
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी: जिलास्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी में प्रीति रावत की बाढ़ नियंत्रण पर आधारित परियोजना अव्वल रही। सुमन सभागार में आयोजित इंस्पायर अवार्ड जनपद स्तरीय प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में जिले भर से चयनित 22 छात्र छात्राओं ने अपनी परियोजनाएं व मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल की ओर से पांच श्रेष्ठ परियोजना मॉडल को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया।
प्रीति रावत का बाढ़ नियंत्रण प्रणाली पर आधारित मॉडल पहले स्थान पर रहा। वहीं महिला सिंह और भगत सिंह पवन ऊर्जा पर आधारित मॉडल के लिए दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। वहीं श्याम चंद और संजय पाल के मॉडल भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए। इस मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी लीलाधर व्यास ने छात्रों के परियोजना मॉडलों का निरीक्षण कर छात्रों ने शोध आधारित गतिविधियों में ज्यादा हिस्सा लेने की अपील की।
उन्होंने शिक्षकों से भी स्कूलों में शोध आधारित माहौल बनाने पर भी जोर दिया। इस मौके पर कार्यक्रम के जनपद समन्वयक सुमन कुमार रावत ने बताया कि जनपद स्तर पर चुनी गई पांचों परियोजनाएं हल्द्वानी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से छात्र शिक्षकों के मार्गदर्शन में शोध आधारित ज्ञान का संकलन कर इन परियोजनाओं पर काम कर रहे थे।
इस मौके पर कीर्ति इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य सोबत सिंह नेगी, डॉ.टीआर प्रजापति, डॉ.आरसी कश्यप, ममता निरंजन, हर्षा रावत, ओम बधाणी, लोकेंद्र पाल सिंह, उमेश तलवार समेत अन्य मौजूद थे।