शराब के गोदामों से शराब बेचने पर भड़की महिलाएं
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : एफएलटू गोदाम से अवैध तरीके से शराब बेचने के विरोध में बड़ेथी गांव की महिलाएं सड़क पर उतर आई हैं। शुक्रवार को गांव की कई माहिलाओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर डीएम से गोदामों को हटवाकर इस गोरखधंधे पर अंकुश लगाने की मांग की।
जिला मुख्यालय से तीन किमी दूर बड़ेथी गांव में एफएलटू गोदाम ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है इन गोदामों से अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है। इससे ग्रामीणों में काफी रोष है। शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू देवी के नेतृत्व में गांव की अनेक महिलाएं जिला मुख्यालय पहुंची। कलक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी करने के बाद महिलाओं ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। महिलाओं ने बताया कि गोदामों से गांव के कुछ लोगों को शराब की अवैध तरीके से बिक्री करते हैं। इस कारण गांव में शराब के अत्यधिक चलन के कारण माहौल लगातार खराब हो रहा है। महिलाओं ने चेतावनी भी दी है कि यदि एक माह के भीतर शराब के गोदाम नहीं हटाये गये तो इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में प्रेमा देवी, पार्वती, शैला, सुलोचना, श्वेता, रोशनी नेगी, निर्मला, कुसुम देवी, विनीता, सोना, रामकली, लक्ष्मी देवी, शोभा सहित अनेक महिलाएं शामिल थीं।