सेब पर बरसी आफत फलों से लदे पेड़ गिरे
संवाद सूत्र, पुरोला: मोरी प्रंखड के बंगाण, मासमोर, पींगल व ठडियार क्षेत्र में बारिश से सेब बागीचों को भारी नुकसान हुआ है। बारिश व भूस्खलन से टिकोची, दुचाणु, बाल्चा क्षेत्र में सेब के फलों से लदे सैकड़ों पेड़ गिर गए। वहीं दर्जनों मकानों को भूस्खलन से मलबा भरने से भारी नुकसान होने की सूचना है।
दो दिन से बंगाण क्षेत्र में जारी मूसलाधार बारिश व जगह-जगह भूस्खलन से त्यूणी-आराकोट मोटर मार्ग कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि टिकोची-दुचाणु मोटर मार्ग पर दीवारें टूटने से दो दिन से आवाजाही बंद है। सबसे अधिक नुकसान सेब फल पट्टी बाल्चा, दुचाणु व टिकोची में सेब की खड़ी फसल को हुआ है। जहां भूस्खलन के चलते सेब से लदे सैकड़ों पेड़ गिर गये हैं। उद्यान पति सुरेंद्र राणा ने बताया कि क्षेत्र में सेब ही रोजगार का जरिया है। बारिश, भूस्खलन से दर्जनों उद्यानपतियों के सैकड़ों फलों से लदे पेड़ गिर गए, जबकि दर्जनों मकानों को भूस्खलन व मलबे की चपेट में आने से भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने सीएम को ज्ञापन भेजकर प्रशासन से नुकसान का जायजा लेने की मांग की है। ज्ञापन पर प्रमोद सिंह, मोहर सिंह जोत सिंह, गुमान सिंह, अब्बल सिंह, प्रेमदास, ईश्वर सिंह, जोगेंद्र सिंह, रमेश, राजेश कुमार, प्रेमदास, जगदास आदि के हस्ताक्षर है।