गंगोत्री जा रहे करीब दो सौ कांवड़िये उत्तरकाशी में रोके
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : बारिश व भूस्खलन के कारण गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे बंद होने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। गंगोत्री हाईवे नैताला व नालूपाणी में खुलने के बाद योग गुरु बाबा रामदेव का काफिला उत्तरकाशी से हरिद्वार की ओर रवाना हो सका। दर दराज के क्षेत्रों में भी लिंक मार्ग बंद होने से खाद्यान्न संकट गहराने लगा है।
भागीरथी व सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाकों में परेशानियां कम नहीं हो रही हैं। जिले में भूस्खलन के कारण लिंक सड़कें भी बदहाल हैं। जिले में संगमचट्टी मोटर मार्ग समेत पांच सड़कें भूस्खलन व भूकटाव से बाधित हो गई हैं। वहीं पैदल पुलिया व संपर्क मार्ग ध्वस्त होने से मोरी क्षेत्र के 12 गांव अब भी अलग थलग पड़े हैं। इसके चलते इन इलाकों में खाद्यान्न व जरूरी सामान की आपूर्ति बाधित हो गई है। वहीं प्रशासन ने यात्रा पर दूसरे दिन भी रोक लगाए रखी। इसके चलते गंगोत्री की ओर जा रहे करीब दो सौ कांवड़िये उत्तरकाशी में ही रोक लिए गए।