गोमुख व तपोवन से गंगोत्री लौटे रामदेव
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : गोमुख व तपोवन की यात्रा से लौटकर योग गुरु स्वामी रामदेव गुरुवार सांय गंगोत्री धाम पहुंचे। यहां ईशावस्यम आश्रम में विश्राम के बाद वे तीर्थ पुरोहितों व साधु संतों से रूबरू हुए।
योग गुरु स्वामी रामदेव बीते बुधवार को गंगोत्री धाम से 153 लोगों के साथ गोमुख की ओर रवाना हुए थे। दोपहर बाद करीब तीन बजे वे गोमुख पहुंच गए थे। गुरुवार को वहां से लौटने पर स्वामी रामदेव ने बताया कि वे 45 लोगों के साथ गोमुख से चार किमी आगे तपोवन भी गए। यहां आध्यात्मिक चिंतन करने के साथ ही टेंट में रात्रि विश्राम किया। रात को उन्होंने साधुओं के साथ वहां भजन-कीर्तन भी किया और गुरुवार की सुबह भोजवासा लौटे। भोजवासा से दल के अन्य सदस्यों के साथ वापस गंगोत्री धाम के लिए निकले। गुरुवार शाम पांच बजकर पंद्रह मिनट पर वे अपने पूरे दल के साथ गंगोत्री धाम पहुंचे। 44 किमी की कठिन पैदल यात्रा के बाद गंगोत्री धाम पहुंचने पर उन्होंने ईशावस्यम आश्रम में विश्राम किया। इसके बाद उन्होंने साधु संतों व तीर्थ पुरोहितों से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। स्वामी रामदेव कल (आज) सुबह गंगोत्री धाम में पूजा अर्चना के बाद वापस हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेंगे। दूसरी ओर, गंगोत्री नेशनल पार्क के उपनिदेशक श्रवण कुमार ने बताया कि स्वामी रामदेव सहित पूरा दल सुरक्षित है। पार्क रेंजर दल के साथ मौजूद हैं और दल को मौसम की स्थिति देखकर ही अनुमति दी गई थी।