बाबा रामदेव गोमुख पहुंचे
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : अध्यात्मिक यात्रा पर निकले योग गुरु बाबा रामदेव बुधवार को गोमुख पहुंच गए। उनके साथ यात्रा में 151 लोगों का जत्था भी गोमुख की ओर रवाना हुआ। पार्क प्रशासन ने गंगोत्री में ही सभी लोगों को गोमुख ट्रैक पर प्रवेश की अनुमति जारी की।
योग गुरु बाबा रामदेव बीते मंगलवार की सांय गंगोत्री धाम पहुंच गए थे। उनके साथ भारत स्वाभिमान मंच के करीब चार सौ कार्यकर्ता भी शामिल थे। गंगोत्री धाम पहुंचने पर तीर्थ पुरोहितों ने उनका भव्य स्वागत किया। योग गुरु ने तीर्थ पुरोहितों के साथ बैठक कर गंगोत्री धाम व यात्रा की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने गंगोत्री क्षेत्र में बिताए अपने पुराने दिनों की बातें भी तीर्थ पुरोहितों के साथ साझा किये। इस दौरान गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष भागेश्वर सेमवाल व सचिव सुरेश सेमवाल ने उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। गंगोत्री में रात्रि विश्राम के बाद बाबा रामदेव बुधवार की सुबह आठ बजे 151 लोगों के जत्थे के साथ गोमुख की ओर रवाना हुए। गंगोत्री नेशनल पार्क के कनखू बैरियर पर जत्थे को पार्क में प्रवेश की अनुमति दी गई। डेढ़ बजे दोपहर यह दल भोजवासा में कुछ देर विश्राम करने के बाद आगे बढ़ा और करीब तीन बजे गोमुख पहुंचा। गंगोत्री नेशनल पार्क के उपनिदेशक श्रवण कुमार ने बताया कि जत्थे में 65 महिलाएं, 95 पुरुष व चौदह वर्ष के तीन बच्चे भी शामिल हैं। गोमुख से रात्रि विश्राम के लिये यह दल वापस भोजवासा पहुंचेगा।