पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बुद्धिसिंह रावत का निधन
संवाद सूत्र, बड़कोट : नगर पंचायत बड़कोट के तीन बार अध्यक्ष रहे चुके बुद्धिसिंह रावत का बीते मंगलवार की देर साय निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन पर नगर के सभी लोगों ने शोक व्यक्त किया।
वर्ष 1979 में बनी बड़कोट नगर पंचायत के 1988 में पहली बार चुनाव हुए इसमें बुद्धिसिंह रावत अध्यक्ष चुने गए। इसके बाद 1997 व वर्ष 2008 में भी वे अध्यक्ष चुने गए। 18 वर्षो तक नगर पंचायत अध्यक्ष के पद पर रहते हुए उन्होंने बड़कोट नगर को खास पहचान दिलाई। पहली बार नगर पंचायत अध्यक्ष चुने जाने से पूर्व वे जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष भी रहे। दिवंगत रावत लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार की देर सांय 80 वर्ष की आयु में बड़कोट गांव में अपने पैतृक आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। वे अपने पीछे तीन पुत्र व दो पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पुत्री जयेंद्री राणा उत्तरकाशी नगर पालिका की अध्यक्ष हैं। निधन की सूचना मिलते ही पूरे बड़कोट क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार की दोपहर यमुना तट पर तिलाड़ी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सकलचंद रावत, सहकारी बैंक अध्यक्ष रणवीर सिंह, संजय डोभाल, अरविंद रावत, ताजवर कलूड़ा व्यापार मंडल अध्यक्ष राजाराम जगूड़ी, भरत सिंह चौहान, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।