और 'भगवान' बन गया भगवानपुर का भगवान
किच्छा : भगवानपुर गांव के भगवान दास लोगों के लिए भगवान ही बन कर आए हैं। वह सांप का जहर चूस कर लोगों को जीवनदान देने का काम कर रहे है। बुधवार को भी उन्होंने सिरोली कलां निवासी युवक का जहर चूस कर उसे जीवनदान दिया। अब तक उन्होंने 185 लोगों के शरीर से विष निकाल उन्हें नया जीवन दिया है।
बुधवार सुबह ग्राम सिरोली कलां का रियासत टीन हटा रहा था। उसी दौरान उसे जहरीले सांप ने काट लिया। सांप के काटने पर वहां पर हड़कंप मच गया। लोग उसे उपचार के लिए भगवानपुर निवासी सांप के काटने का उपचार करने वाले भगवान दास उर्फ बिंटू के पास ले गये। उन्होंने रियासत का उपचार करते हुए जहर चूस कर उसे नया जीवन दे दिया। इससे पूर्व भी भगवानदास 184 लोगों को जीवनदान दे चुके है। भगवान दास ने बताया कि रियासत को चूड़िया गडार सांप ने काटा था। हाल ही में भगवान दास ने बहेड़ी के अमित दास, उकरौली निवासी सिडकुल में कार्यरत संदीप सिंह कंबोज, विरेंद्र सिंह गुर्जर निवासी गौतिया भट्टी मजरा पिंडारी अशोक, शक्तिफार्म निवासी गुरमेल सिंह, पीलीभीत निवासी बबली देवी, बरा निवासी मनोज कुमार, बहेड़ी निवासी मुन्नी देवी का उपचार कर उन्हें नया जीवन देने का काम किया है।