कांग्रेसियों की रैली में जवाब देने जा रहे भाजपाई हिरासत में
कांग्रेस की रैली के दौरान प्रशासनिक अमले में उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपाई भी जवाब देने के लिए सभास्थल की ओर कूच कर गए। पुलिस को उन्हें हिरासत मे लेना पड़ा।
रुद्रपुर, [जेएनएन]: केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस की जवाब दो हिसाब दो रैली के दौरान प्रशासनिक अमले में उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपाई भी जवाब देने के लिए सभास्थल की ओर कूच कर गए। पुलिस प्रशासन ने आनन-फानन में भाजपाइयों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे सुनने को तैयार नहीं थे। अंत में पुलिस को भाजपाइयों को हिरासत मे लेना पड़ा। पुलिस को आशंका थी कि कहीं कांग्रेस के सभास्थल पर भाजपाइयों के पहुंचने से दोनों दलों में टकराव की स्थिति न उत्पन्न हो जाए।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय और वित्त मंत्री इंदिरा हृदयेश के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शहर के गल्ला मंडी से अंबेडकर पार्क तक रैली निकाली। अंबेडकर पार्क पहुंचकर रैली सभा में तब्दील हो गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने आतंकवाद, महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा से जवाब मांगना शुरू कर दिया।
पढ़ें: उत्तराखंड में पीडीएफ पर कांग्रेस सरकार और संगठन में शीतयुद्ध
इधर, रुद्रपुर के विधायक राजकुमार ठुकराल और भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा के नेतृत्व में भाजपाई भी महाराजा पैलेस में एकत्र हो गए। भाजपाइयों ने पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार को गिनाना शुरू कर दिया और सवाल किया कि भाजपा किस मुंह से हिसाब मांग रही है। उसके बाद भाजपा नेताओं ने तय किया कि कांग्रेसियों को उन्हीं के सभा स्थल पर जवाब दिया जाएगा। फिर क्या था? भाजपाइयों ने अंबेडकर पार्क की ओर रुख कर दिया।
पढ़ें-मैं भगोड़ा नहीं, देवप्रयाग से ही लड़ूंगा चुनाव: नैथानी
इस बात की सूचना जब प्रशासनिक अमले को लगी तो उन्होंने भारी पुलिस बल के साथ डीडी चौके पर उनका रास्ता रोक लिया और कांग्रेस के सभास्थल की ओर न जाने की अपील की। न मानने पर भाजपाइयों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पुलिस लाइन ले गए। शाम चार बजे भाजपाइयों को छोड़ दिया गया।
पढ़ें:-नैनीताल में केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों ने निकाली रैली