गंदगी पर बिफरे छात्र, लगाया जाम
काशीपुर : नगर निगम प्रशासन द्वारा विद्यालय के पास ही कचरा डाले जाने से गुस्साए बच्चों ने सड़क पर जाम
काशीपुर : नगर निगम प्रशासन द्वारा विद्यालय के पास ही कचरा डाले जाने से गुस्साए बच्चों ने सड़क पर जाम लगा दिया। गुस्साए बच्चों को पैगा पुलिस व ग्राम प्रधान सहित अन्य लोगों ने समझाकर शांत किया। एक सप्ताह में कूड़े का निस्तारण कराए जाने पर ही बच्चे शांत हुए।
महुआखेड़ागंज के गिन्नीखेड़ा राजकीय इंटर कालेज से कुछ ही दूरी पर निगम प्रशासन द्वारा नगर का कूड़ा डाला जा रहा है। इसे लेकर ग्रामीण पहले ही विरोध कर रहे थे। इधर स्कूल प्रशासन ने भी नगर निगम को पत्र लिखकर बच्चों के स्वास्थ्य का हवाला दिया था। इसके बाद भी निगम प्रशासन ने कूड़ा डालना बंद नहीं किया। शुक्रवार की सुबह किसी ने कूडे़ में आग लगा दी। इसकी दुर्गध से बच्चों का बैठना मुश्किल हो गया। गुस्साए बच्चों ने महुआखेड़ागंज रोड पर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पैगा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को समझाया। योगेश सैनी, राकेश सैनी, शाहिल, सतपाल सैनी, इसरार अहमद आदि की मौजूदगी में पुलिस ने सप्ताह भर में समस्या के समाधान का आश्वसान देकर बच्चों को शांत किया।
= ग्रामीणों के विरोध के बाद एक माह पूर्व ही कूड़ा डालना बंद कर दिया गया था। अब निगम का कूड़ा कचनालगाजी में डाला जा रहा है। बच्चों को ढाल बनाकर ग्रामीण बखेड़ा खड़ा कर रहे हैं। कूड़ा विद्यालय से काफी दूर पड़ा है, फिर निगम जेसीबी भेजकर उसका निस्तारण करवा देगा।
-- डा. आशीष श्रीवास्तव, एमएनए
= नगर निगम की ट्रालियां कॉलेज से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही रोजना कचरा डाल रही हैं। इससे मक्खियों और बदबू के चलते बच्चों का बैठना मुश्किल हो रहा था। उन्हें संक्रामक बीमारी फैलने का भी खतरा है। इसे देखते हुए विद्यालय ने निगम को पत्र भी लिखा था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार की सुबह मेरे विद्यालय पहुंचने से पहले ही बच्चों ने जाम लगा दिया था। जिसे बाद में खुलवा दिया गया।
-- गणेश चंद्र कपटियाल, प्रधानाचार्य, राइंका गिन्नीखेड़ा