विदेशियों ने मस्जिद में पढ़ी नमाज, जांच में जुटी पुलिस
जगतपुरा मस्जिद में शुक्रवार की नमाज के दौरान चार विदेशियों ने भी नमाज पढ़ी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक चारों विदेशी कार से रवाना हो गए थे।
रुद्रपुर, ऊधमसिंहनगर [जेएनएन]: जगतपुरा मस्जिद में शुक्रवार की नमाज के दौरान चार विदेशियों ने भी नमाज पढ़ी। यह देख नमाजियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक चारों विदेशी कार से रवाना हो गए थे। पुलिस के मुताबिक चारों विदेशी लंबे कदकाठी, रंग काला और घुघराले बाल वाले थे। ऐसे में माना जा रहा है कि वह नाइजीरियन हो सकते हैं। इस जानकारी के बाद खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।
शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे जगतपुरा स्थित मस्जिद में नमाज अदा की जा रही थी। इसी बीच एक कार से चार लोग उतरे और मस्जिद में जाकर नमाज पढ़ने लगे। अपने बीच में विदेशियों को देखकर नमाजियों ने सूचना तत्काल आवास विकास चौकी पुलिस को दी।
सूचना पर ट्रांजिट कैंप के प्रभारी निरीक्षक जीबी जोशी मस्जिद पहुंच गए, लेकिन तब तक चारों विदेशी नमाज पढ़कर कार से वापस जा चुके थे। इस पर पुलिस ने नमाजियों से जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक नमाजियों का कहना था कि नमाज के दौरान अचानक चार विदेशी आए और नमाज के बाद चलते बने। पुलिस ने इसके बाद तलाशी अभियान भी चलाया, लेकिन पुलिस को कोई विदेशी आसपास के क्षेत्र में नहीं मिला।
पुलिस मस्जिद के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद दाते के अनुसार मस्जिद में चार विदेशियों के नमाज में शामिल होने की सूचना है। पुलिस और खुफिया विभाग उनके संबंध में जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: नगर कोतवाली की हवालात से भागा तस्कर, दो सस्पेंड
यह भी पढ़ें: जेल में कैदी ने बनाया वीडियो, सीएम से मांगा इंसाफ