गर्भवती को एक घंटे तक नहीं मिला उपचार
संवाद सूत्र, गदरपुर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की कमी आम जनता को झेलनी पड़ रही है। द
संवाद सूत्र, गदरपुर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की कमी आम जनता को झेलनी पड़ रही है। दो बजे के बाद अस्पताल वार्डब्वॉय और नर्स के सहारे चल रहा है। इससे उपचार के लिए आने वाले मरीजों को समय से उपचार नहीं मिल पा रहा है। यहां तक गर्भवती महिलाओं को भी परेशान होना पड़ रहा है। गुरुवार रात भी गर्भवती महिला को एक घंटे बाद उपचार मिल पाया। मरीजों को रुद्रपुर जिला अस्पताल और प्राइवेट अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ग्राम खेमपुर निवासी एक गर्भवती महिला को अचानक दर्द होने लगा। इसके चलते उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र में महिला को देखने के लिए कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव अरोरा और वार्ड पांच के सभासद मनोज गुंबर मौके पर पहुंच गए। महिला की हालत बिगड़ती देख मनोज गुंबर ने मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरके पांडेय को फोन कर मामले से अवगत कराया। फोन के कुछ देर बाद डा. प्रशांत चौहान मौके पर पहुंच गए और महिला का उपचार किया। सभासद मनोज गुंबर ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की कमी से आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव अरोरा ने कहा कि शीघ्र ही चिकित्सकों की तैनाती नहीं की गई तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।