पत्नी का गला घोटा, घर से निकाला
संवाद सहयोगी, रुद्रपुर : अवैध संबंध का शक पत्नी पर भारी पड़ गया। पति ने पहले पत्नी का गला घोटकर हत्या
संवाद सहयोगी, रुद्रपुर : अवैध संबंध का शक पत्नी पर भारी पड़ गया। पति ने पहले पत्नी का गला घोटकर हत्या का प्रयास किया। विरोध के चलते सफल न होने पर उसे घर से बेघर कर सड़क पर ला खड़ा कर दिया। परेशान पत्नी ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
ट्रांजिट कैंप निवासी महिला की शादी छह वर्ष पूर्व हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। महिला का आरोप है कि उसका पति उस पर शक करता है। इसके चलते वह आए दिन उसके साथ मारपीट करता रहता है, लेकिन वह अपने मायके बरेली नहीं जाना चाहती थी। इसके चलते वह पति की प्रताड़ना सहन करती आ रही थी। उसका पति सिडकुल औद्योगिक आस्थान की एक फैक्ट्री में काम करता है। रविवार को पति ने जुल्म की सारी हदें पार कर दी और चुन्नी से उसका गला घोटकर मारने का प्रयास किया। विरोध के चलते वह सफल नहीं हो पाया तो उसने पत्नी को सामान सहित घर से निकाल दिया। बैग लेकर पत्नी ट्रांजिट कैंप थाने पहुंची और अपनी व्यथा सुनाई। पुलिस ने उसे महिला हेल्प लाइन भेज दिया। लेकिन वह महिला हेल्प लाइन के स्थान पर रुद्रपुर कोतवाली पहुंच गई। महिला ने बताया कि पति ने बच्चों को अपने पास रख उसे घर से निकला दिया। अब उसके पास रहने का संकट पैदा हो गया है। पुलिस ने महिला को कार्रवाई का आश्वासन दिया।