खनन वाहन रोकने पर तीन पुलिस कर्मियों को धुना
संवाद सहयोगी, बाजपुर : नो एंट्री में घुसे खनन वाहन को रोकना पुलिस को महंगा पड़ गया। चालक पक्ष के सैकड़
संवाद सहयोगी, बाजपुर : नो एंट्री में घुसे खनन वाहन को रोकना पुलिस को महंगा पड़ गया। चालक पक्ष के सैकड़ों लोगों ने पुलिस कर्मियों पर हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने सादी वर्दी में आए पुलिस कर्मी को भी उन्होंने जमकर धुना। जब तक और फोर्स मौके पर पहुंचती हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
नगर में खनन वाहनों के प्रवेश पर रोक लगने के चलते पुलिस दोराहा से वाहनों को सुल्तानपुर पट्टी की तरफ निकाल देती है। बावजूद इसके कई बार चालक जबरन वाहन को बाजपुर रोड से निकाल ले जाते हैं। गुरुवार को दोराहा पुलिस चौकी में तैनात सिपाही ज्ञानेंद्र शहीद ऊधम सिंह चौक स्थित चैक पोस्ट पर ड्यूटी कर रहा था। इसी बीच करीब पौने आठ बजे ट्रक संख्या यूपी 22 टी 8355 के चालक ने प्रतिबंधित क्षेत्र बाजपुर रोड की तरफ वाहन घुसा दिया। सिपाही ने उसका पीछा किया तो चालक ने वाहन रोक लिया। इसके बाद चालक और पुलिस कर्मी के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस कर्मी ने वाहन को पुलिस चौकी ले जाने को कहा तो चालक ने हाईवे के बीच में ट्रक लगाकर जाम लगा दिया। इतना ही नहीं फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ देर बाद बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में उत्तर प्रदेश सीमा की तरफ से लोगों की भीड़ पहुंच गई। उन्होंने मौके पर मौजूद सिपाही ज्ञानेंद्र और शांति प्रसाद टम्टा पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह कंबोज सादी वर्दी में मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। भीड़ में मौजूद एक माफिया ने उससे हाथापाई शुरू कर दी। मारपीट में सिपाही कंबोज भी घायल हो गया। घटना की जानकारी से कोतवाली में हड़कंप मच गया। चौकी प्रभारी मनीष खत्री मय फोर्स जब तक घटनास्थल पहुंचते तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर वाहन को सीज कर दिया है। साथ ही पुलिस कर्मी की तरफ से मुकदमा पंजीकृत करने की तैयारी चल रही थी। वहीं आरोपी चालक का आरोप है कि पुलिस कर्मी उससे जबरन पैसे छीन रहा था। विरोध करने पर उससे हाथापाई की गई। कोतवाल बीएस धौनी ने कहा कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।