तीन अवैध कालोनियां सील
संवाद सहयोगी, खटीमा: बिना मानकों के काटी जा रही तीन अवैध कालोनियों को एसडीएम ने सील कर दिया है। क
संवाद सहयोगी, खटीमा: बिना मानकों के काटी जा रही तीन अवैध कालोनियों को एसडीएम ने सील कर दिया है। किसी भी प्रॉपर्टी डीलर के पास प्लाटिंग काटने के प्रमाण नहीं मिले। प्रशासन की इस कार्रवाई से प्रॉपर्टी डीलरों में हड़कंप मचा हुआ है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम ऋचा सिंह ने क्षेत्र में अवैध कालोनियों के खिलाफ कार्यवाही की। सबसे पहले वह मझोला के हल्दी गांव पहुंची। जहां लगभग सवा तीन एकड़ पर ग्रीन सिटी के नाम से प्लाट काटे गए थे। जब उनसे कालोनी काटने के पेपर मांगे गए तो कुछ नहीं दिखा सके। जिस पर उन्होंने कालोनी को सील कर दिया। इसके बाद वह मेलाघाट मार्ग के अशोक फार्म पहुंची। जहां दो जगह सवा-सवा एकड़ में प्लाट काटे गए थे। वहां भी मानक के नाम पर एक भी कोरम नहीं था। जिस पर एसडीएम ने अशोक फार्म की दोनों कालोनियों को सीज कर दिया। यह अवैध प्लाटिंग भूमिधरी जमीन पर हो रही थी। एसडीएम ने बताया कि कालोनी काटने के लिए पहले भूमि अकृषि घोषित कर परिर्वतन होना जरूरी है। ले आउट पास होना चाहिए। बिजली, पानी, सड़क की एनओसी होनी चाहिए। यह मानक किसी के पास नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जिन-जिन जगह पर अवैध कालोनी काटी गई है। उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर तहसीलदार राधेश्याम राना, कानूनगो गिरवर सिंह, राजस्व निरीक्षक नरेंद्र गहतोड़ी, लवकेश शर्मा, महेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।