अवैध संबंध बन गए शुभम के कत्ल की वजह
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : शुभम हत्याकांड में शक की सुई परिवार के कुछ करीबियों पर आकर टिक गई है। यह
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : शुभम हत्याकांड में शक की सुई परिवार के कुछ करीबियों पर आकर टिक गई है। यह साफ हो गया है कि अवैध संबंध ही कत्ल की वजह बने। फिलहाल गिरफ्तारी के डर से ही परिवार से जुड़े लोग हाईकोर्ट पहुंच गए हैं। उनकी कोशिश स्थगन आदेश लेने की है। वहीं पुलिस ने भी कोर्ट में प्रभावी पैरवी शुरू कर दी है।
बिड़ला स्कूल, नैनीताल के नौवीं के छात्र शुभम अग्रवाल की चार माह पहले 21 जनवरी को हत्या कर दी गई थी। खटीमा में ब्लॉक गेट के सामने घर में देर शाम उसका खून से लथपथ शव मिला था। शुभम बालाजी गारमेंट्स के नाम से कारोबार करने वाले मनोज अग्रवाल का बेटा था। इस घटना के विरोध में बाजार बंद रहा और जमकर धरना-प्रदर्शन हुए। पुलिस ने भी खुलासे के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। घर के नौकरों के साथ ही परिवार के लोगों की कॉल डिटेल निकलवाई गई। 37 लोगों के खून के नमूने लिए गए लेकिन पकड़ में कुछ नहीं आया। खुलासा हुआ लाई डिटेक्टिव टेस्ट से। परिवार के पांच लोगों का टेस्ट कराया गया। इसमें परिवार की ही एक महिला का झूठ सामने आया। यह साफ हो गया कि हत्या के बारे में उसे पता था। वह पुलिस को पूरी तरह से गुमराह करती रही। वैसे तो पुलिस को उस पर पूर्व से ही शक था लेकिन पुख्ता सुबूत हाथ लगने के बाद ही उसे गिरफ्तार करने की बात थी।
इससे पहले कि पुलिस इस मामले में आगे बढ़ती, परिवार की करीबी इस महिला को बचाने के लिए हाईकोर्ट पहुंच गए और गिरफ्तारी के खिलाफ स्थगन आदेश के लिए जोर लगाया। सूत्रों की मानें तो पुलिस से इस बारे में जानकारी मांगी गई तो असलियत सामने आ गई। पुलिस के अनुसार इस महिला के परिवार में ही एक युवक से अवैध संबंध थे। वह दिन में कई कई बार युवक से बात करती थी। अश्लील वीडियो क्लीपिंग का आदान-प्रदान भी उनके बीच होता था। इसके साथ ही वह गोदाम और दुकान में भी युवक से मिलने जाती रहती थी। गोदाम में तो किसी अन्य व्यक्ति की एंट्री ही नहीं थी। शुभम के शव के पास महिला के बाल का क्लिप मिलना भी कई इशारे कर रहा है। यह साफ हो चुका है कि अवैध संबंधों को देख लेने पर ही शुभम को मारा गया। पुलिस ने इस मामले में कड़ी पैरवी शुरू कर दी है।