500 रुपये देकर धोखे से कराई रजिस्ट्री
जागरण संवाददाता, किच्छा : पेंशन दिलाने के नाम पर अनपढ़ बुजुर्ग से एक महिला ने भूखंड की रजिस्ट्री
जागरण संवाददाता, किच्छा : पेंशन दिलाने के नाम पर अनपढ़ बुजुर्ग से एक महिला ने भूखंड की रजिस्ट्री करा ली। पता लगने पर बुजुर्ग के पैर तले से जमीन खिसक गई। उन्होंने रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंच कर आपत्ति दर्ज कराने के साथ ही पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
महेंद्र सिंह निवासी लालपुर टिब्बा का महराया रोड पर 348 वर्ग मीटर का एक भूखंड है। महेंद्र सिंह के अनपढ़ होने का लाभ उठाते हुए एक महिला ने उन्हे पेंशन दिलाने का झांसा दे काबू में कर लिया। 23 मई को वह महिला अपने दो अन्य साथियों के साथ महेंद्र सिंह को पेंशन दिलाने के नाम पर सब रजिस्ट्रार कार्यालय रुद्रपुर ले गई। आरोप है कि कर्मचारियों से सांठ गांठ करने के बाद महेंद्र सिंह को पांच सौ रुपये पेंशन के नाम पर देकर सब रजिस्ट्रार के सामने चालाकी से पैसे मिलने की बात स्वीकार करवा दी। जिस पर उक्त भूखंड की रजिस्ट्री महिला के नाम पर कर दी गई। इस बात का पता महेंद्र सिंह के परिजनों को लगा तो उन्होंने अकेले सब रजिस्ट्रार कार्यालय जाने के बारे में पूछा तो परिजन भौचक रह गए। उन्होंने सब रजिस्ट्रार कार्यालय रुद्रपुर जाकर जानकारी ली तो पता लगा कि महेंद्र सिंह ने तो अमरो नाम की महिला के नाम पर रजिस्ट्री कर दी है। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने सब रजिस्ट्रार से मिल कर जानकारी लेने का प्रयास किया तो कर्मचारियों ने उनको धमकाना शुरू कर दिया। जिस पर वकील के माध्यम से भूखंड रजिस्टर का अवलोकन करने पर सारी हकीकत सामने आई। परिजनों ने लालपुर चौकी पर तहरीर दे कार्रवाई की मांग की है।
-----------------------------
पेंशन के नाम पर दो दिन रखा अपने घर
किच्छा : महेंद्र सिंह को पेंशन के झांसे में लेने के लिए रजिस्ट्री कराने वालों ने दो दिन तक अपने घर पर ही रखा। उन्होंने दो दिन में पेंशन लेकर ही घर जाने का झांसा दिया। बाद में वह उसे लेकर सब रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंच गए। महेंद्र सिंह के परिवार वाले उन्हें खोजते हुए रिश्तेदारों के यहां गए। जहां उनको महेंद्र सिंह के सब रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचने का पता लगा।