ठग को सौंपा जिगर का टुकड़ा
बाजपुर: साप्ताहिक हाट बाजार आयी महिला को सम्मोहित कर एक महिला ने कानों के कुंडल व नगदी उतरवा लिए। इत
बाजपुर: साप्ताहिक हाट बाजार आयी महिला को सम्मोहित कर एक महिला ने कानों के कुंडल व नगदी उतरवा लिए। इतना ही नहीं ठग उसके नौ वर्षीय बेटे को भी अपने साथ ले गयी। होश में आयी पीड़िता को जब ठगे जाने का एहसास हुआ तो चीखें मारकर रोने लगी। डेढ़ घंटे बाद महिला का बेटा बाजार में ही घूमता मिल गया, मगर ठगी करने वाली महिला का कहीं पता नहीं चला।
ग्राम जोगीपुरा निवासी गुड्डी पत्नी जयपाल सोमवार को नगर में लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार में खरीददारी करने आयी थी। उसके साथ दो बेटे व एक बेटी भी बाजार आए थे। आरोप है कि श्रीरामलीला मैदान में उसे एक महिला मिली जिसने उसे सम्मोहित करते हुए कानों में पड़े सोने के कुंडल व पर्स निकलवा लिया। कुंडल का वजन डबल करके देने की बात कहते हुए उसके नौ वर्षीय बेटे श्यामू को अपने साथ ले गई। उसके जाने के कुछ देर बाद जब गुड्डी को होश आया तो उसे ठगे जाने का एहसास हुआ। महिला का बेटा भी गायब था, लिहाजा व्यापारियों में हड़कंप मच गया। महिला रोते हुए कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। आनन-फानन में ही एसआई कमल कोरंगा, डीबी सोलंकी मय फोर्स के आरोपी महिला की तलाश को दौड़ पड़े। पुलिस ने चोरों दिशाओं में उसकी तलाश की, परंतु कोई सफलता नहीं मिल पायी। शुक्र इस बात का रहा कि महिला का बेटा करीब घंटेभर बाद बाजार में ही घूमता मिल गया। उसका कहना था कि वह महिला के पीछे-पीछे कुछ दूर तक गया, बाद में महिला गायब हो गई। गुड्डी ने बताया कि पर्स में करीब दो हजार रुपए थे तथा आरोपी महिला ने काले रंग का बुर्का पहन रखा था जिसने अपने चेहरे को भी ढक रखा था। काफी देर तक पुलिस बच्चे को साथ लेकर ठग महिला को ढूंढती रही मगर उसका कोई सुराग नहीं लगा।