टांडा रेंज में शिकारियों ने मारे दो चीतल
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : वन्य जीवों पर खतरा बढ़ता जा रहा है। टाडा रेंज में आधा दर्जन शिकारियों
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : वन्य जीवों पर खतरा बढ़ता जा रहा है। टाडा रेंज में आधा दर्जन शिकारियों ने दो चीतल को अपना शिकार बना डाला। दोनों को बोरे में डालकर ले जा रहे थे कि गश्त लगा रही वन विभाग की टीम की इन पर नजर पड़ गई। टीम ने जैसे ही शिकारियों को रोकने की कोशिश की तो जबाव में फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई मे शिकारी दोनों मृत चीतलों व एक बाइक को मौके पर ही छोड़ फरार हो गए। वन विभाग ने अज्ञात शिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शिकारियों की तलाश शुरू कर दी है।
तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज में शनिवार की सुबह चार बजे वन दरोगा दीवान सिंह रौतेला व बीट वाचर प्रेम सिंह के साथ धीमरी ब्लॉक में प्लॉट संख्या 28 में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें कुछ बाइकों की लाइटें दिखाई दीं। मामला संदिग्ध मानकर रौतेला ने इन बाइक सवारों का पीछा किया। वन कर्मियों को अपनी ओर आता देख बाइक सवार जंगल से भागने का प्रयास करने लगे। इस बीच अपने को फंसा देखशिकारियों ने वन कर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दीं। जवाब में वन कर्मियों ने भी फायरिंग की। संदिग्ध बाइक सवार एक बिना नंबर की प्लेटिना बाइक व मारे गए चीतलों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी जीसी त्रिपाठी, डिप्टी रेंजर नवल किशोर कपिल मौके पर पहुंच गए। बाइक को कब्जे में लेने के बाद दोनों मृत चीतलाें का राजकीय पशु चिकित्सालय रुद्रपुर में पोस्टमार्टम कराने के बाद दफना दिया गया। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि दोनों मृत चीतल सात से आठ माह की उम्र के थे। इनमें से एक नर व दूसरी मादा थी। इधर, वन विभाग की टीम ने अज्ञात शिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शिकारियों की तलाश शुरू कर दी है।
तीन बाइकों पर सवार थे छह शिकारी
रुद्रपुर : वन विभाग की टीम के अनुसार घटना को अंजाम देने वाले शिकारियों की संख्या छह थी। ये तीनों बाइकों पर सवार थे।
बाइक के चेसिस नंबर से पकड़ में आ सकते शिकारी
रुद्रपुर : वन क्षेत्राधिकारी जीसी त्रिपाठी के अनुसार भले ही शिकारी टीम की पकड़ में नहीं आए हैं, मगर काले रंग की बिना नंबर की बाइक के चेसिस नंबर शिकारियों तक पहुंचने में मददगार साबित होगा।
इंसेट -----------
तो तमंचों से हुआ शिकार
रुद्रपुर: पोस्टमार्टम के दौरान दोनों चीतलों के शवो में तमंचों से फायर किए गए दो-दो छर्रे मिले हैं। सामान्यत: यह छर्रे शिकारियों द्वारा स्वयं तैयार किए जाने वाले कारतूसों में ही मिलते हैं।
आठ राउंड हुईं फायरिंग
रुद्रपुर: वन विभाग व शिकारियों के बीच हुई फायरिंग में मौका पाकर शिकारी फरार हो गए। शिकारियों के दो राउंड की फायरिंग के जवाब में वन विभाग की टीम ने छह राउंड फायरिंग की।
इनसेट ---------------
मारे गए चीतल शैड्यूल चार के प्राणी है। विभाग ने अज्ञात शिकारियों के मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गया है।
-- जीसी त्रिपाठी, वन क्षेत्राधिकारी, टांडा रेंज