सड़क हादसे ने बुझा दिया चिराग
सितारगंज/शक्तिफार्म : शक्तिफार्म में बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं सितारग
सितारगंज/शक्तिफार्म : शक्तिफार्म में बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं सितारगंज के अलग-अलग हिस्सों में सड़क हादसों में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें दो को हल्द्वानी रेफर किया गया है।
शक्तिफार्म के गोविंदनगर निवासी नील कमल राय (24) पुत्र नत्थू राय दीपावली की रात सामान लेकर बाइक से घर आ रहा था। पुलिस को सौंपी तहरीर में मृतक के चाचा नंदू राय ने बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे उसकी बाइक को सामने से बाइक यूके 06,यू 9983 पर सवार इंद्र सिंह चौधरी व उसके ससुर विकास हालदार ने टक्कर मार दी। इससे नील कमल सड़क पर गिर गया। उसे गंभीरावस्था में आसपास के लोगों ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर किया। नीलकमल की आठ माह पहले ही शादी हुई थी। मृतक खेती बाड़ी करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने धारा 279/304 ए आइपीसी के तहत इंद्र सिंह व विकास हालदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
वहीं सितारगंज नगर के सिडकुल रोड पर गुरुवार रात दस बजे हादसे में घायल 65 वर्षीय देवकी देवी को सरकारी अस्पताल से हल्द्वानी रेफर किया गया। जबकि अन्य हादसे में घायल वार्ड चार निवासी नबाव, वार्ड तीन निवासी भूरा का अस्पताल में उपचार किया गया। इसके अलावा सिडकुल की एक फैक्ट्री में कार्यरत चंपावत निवासी मनोज (30) को रात करीब 8.10 बजे सड़क किनारे घायल मिलने पर 108 सेवा ने अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे उसके साथी कुंदन के आने पर रेफर किया गया। इसके अलावा सिडकुल रोड पर करीब साढ़े आठ बजे बाइक हादसे में मंडी निवासी जसवंत गब्र्याल (53) घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें भी हल्द्वानी रेफर किया गया।