गढ्डे में घुसी बाइक, युवक की मौत
खटीमा : खस्ताहाल सड़कें अब जानलेवा बनती जा रही हैं। पुरनापुर गांव में एक बाइक गढ्डे में जा घुसी, जिस पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुरनापुर के बल्देव सिंह का 21 वर्षीय पुत्र विक्रम सिंह अपने साथी मंजीत सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर रविवार की रात खटीमा से घर की ओर जा रहा था। बाइक मंजीत चला रहा था। जबकि वह पीछे बैठा हुआ था। अचानक उनकी बाइक का संतुलन इस क्षतिग्रस्त मार्ग पर बिगड़ गया। जिसमें दोनों गिर गए। इस घटना में विक्रम सिंह के गंभीर चोटे आने पर उसकी मौत हो गयी। जबकि साथी घायल हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। उपनिरीक्षक सुनील बिष्ट ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। गांव की प्रधान जसविंदर कौर, जसपाल सिंह आदि लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग से पुरनापुर को जाने वाला यह संपर्क मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। जिसमें जगह-जगह गड्ढ़े हो गये है। इसकी शिकायत कई बार शासन-प्रशासन से की गयी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी।